खौफनाक कहानी में बदला हनीमून! शादी के कुछ ही हफ्तों बाद कपल ने किया सुसाइड...अब हुआ ये खुलासा

Bengaluru newly weds suicide : हनीमून के दौरान शादी से पहले की दोस्ती को लेकर बातें सामने आईं, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई। परिवार के एक सदस्य ने मीडिया को बताया कि इस दौरान गणवी ने शादी आगे जारी रखने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालात और बिगड़ते चले गए, जिसके बाद कपल ने हनीमून बीच में ही खत्म कर दिया और सिर्फ पांच दिन बाद बेंगलुरु लौट आया

अपडेटेड Dec 30, 2025 पर 4:08 PM
Story continues below Advertisement
बेंगलुरु में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है।

बेंगलुरु में आत्महत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। यहां  पति-पत्नी के बीच विवाद और फिर खुदकुशी ने सनसनी मचा दी है। शादी के कुछ ही हफ्तों बाद बेंगलुरु के रहने वाले सूरज शिवन्ना ने घर से करीब 1,000 किलोमीटर दूर जाकर आत्महत्या कर ली। उन पर अपनी पत्नी गणवी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि श्रीलंका में हनीमून के दौरान शादी से पहले की दोस्ती को लेकर बात सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी वजह से उनकी हनीमून यात्रा बीच में ही खत्म कर दी गई। इस दुखद घटना के बाद सूरज की 60 साल की मां जयंती शिवन्ना ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचा लिया गया।

बेंगलुरु में 29 अक्टूबर को सूरज शिवन्ना और गणवी की शादी हुई थी। शादी के बाद यह नया जोड़ा 10 दिन के हनीमून के लिए श्रीलंका गया। लेकिन वहां शादी से पहले की दोस्ती से जुड़ी बात सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। कुछ ही दिनों में हनीमून बीच में ही खत्म कर दिया गया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और बताया जाता है कि गणवी ने सूरज के साथ शादी आगे जारी रखने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।

 श्रीलंका हनीमून के बाद सब कुछ बदल गया?

बेंगलुरु के विजयनगर इलाके में ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस की फ्रेंचाइजी चलाने वाले सूरज शिवन्ना ने 29 अक्टूबर को MBA ग्रेजुएट गणवी से अरेंज्ड मैरिज की थी। परिवार के सूत्रों ने Times of India को बताया कि शादी काफी धूमधाम से हुई थी। हालांकि, यह भी कहा गया कि गणवी शादी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थीं और उनकी चाची ने उन्हें शादी के लिए मनाया था। शादी के तुरंत बाद यह कपल 10 दिन के हनीमून के लिए श्रीलंका गया। लेकिन PTV न्यूज़ के मुताबिक, कुछ ही दिनों में यह यात्रा बिगड़ गई।

हनीमून के दौरान शादी से पहले की दोस्ती को लेकर बातें सामने आईं, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई। परिवार के एक सदस्य ने मीडिया को बताया कि इस दौरान गणवी ने शादी आगे जारी रखने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालात और बिगड़ते चले गए, जिसके बाद कपल ने हनीमून बीच में ही खत्म कर दिया और सिर्फ पांच दिन बाद बेंगलुरु लौट आया।


हनीमून के बाद सुलह की कोशिशें नाकाम

बेंगलुरु लौटने के बाद परिवार के लोगों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन ये कोशिशें सफल नहीं हो पाईं। सूरज के बड़े भाई संजय शिवन्ना ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, “मैंने हालात संभालने की कोशिश की। दोनों को समझाया कि मामला जल्द सुलझ जाएगा, लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी।” उसी रात गणवी अपने पिता के घर चली गई। कुछ घंटों बाद उसने फांसी लगा ली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

इसके बाद गणवी के परिवार ने सूरज और उसके रिश्तेदारों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस शिकायत के आधार पर बेंगलुरु पुलिस ने सूरज और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। महिला के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया।

परिवार ने दी ये जानकारी

परिवार का आरोप है कि इस मामले के बाद करीब 30 लोगों ने सूरज के घर पर हमला किया, जिससे उन्हें बेंगलुरु छोड़कर भागना पड़ा। दो मौतों के बाद दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। सूरज के भाई संजय ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम से परिवार पर बहुत ज्यादा मानसिक दबाव बन गया था। संजय ने कहा, “करीब 30 लोग विजयनगर में हमारे घर में घुस आए। वे सूरज को ढूंढ रहे थे, जिसका नाम दहेज उत्पीड़न के मामले में एफआईआर में था। हम सभी डरे हुए थे और सदमे में थे। ऐसे हालात में हमारे पास बेंगलुरु छोड़कर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।”

दहेज के आरोपों को खारिज करते हुए संजय ने कहा, “हमने कभी कोई दहेज नहीं मांगा। शादी का पूरा खर्च हमने खुद उठाया था। ऐसे आरोप लगना हमारे लिए हैरान करने वाला है। उल्टा, गणवी के परिवार की तरफ से हमें जान से मारने की धमकियां मिलने लगी थीं। मेरा भाई बहुत डरा हुआ था और माफी मांग रहा था।” 23 दिसंबर को सूरज, उसकी मां जयंती और भाई संजय हैदराबाद गए। अगले दिन वे नागपुर पहुंचे। शुक्रवार देर रात उन्होंने नागपुर में सोनेगांव पुलिस स्टेशन इलाके के एक होटल में दो कमरे बुक किए।

नागपुर के होटल में आत्महत्या

यह दुखद घटना आधी रात के बाद हुई। एफआईआर के मुताबिक, सूरज ने दुपट्टे की मदद से छत के पंखे से फांसी लगा ली। शनिवार सुबह करीब 12:30 बजे उसकी मां जयंती ने उसे देखा। इस घटना में सूरज की मौत हो गई, जबकि उसकी मां बच गईं। गहरे सदमे में जयंती ने भी अपनी जान लेने की कोशिश की, लेकिन फंदा टूट जाने से उनकी जान बच गई। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे होटल स्टाफ और संजय को घटना की जानकारी मिली। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूरज को इलाज के लिए AIIMS नागपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह करीब 3 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।

सोनेगांव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन मगर ने बताया, “सूरज शिवन्ना ने होटल के कमरे में सीलिंग फैन से फांसी लगाई थी। बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद उसकी मां जयंती ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचा लिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।