तमिलनाडु में भाजपा के फायरब्रांड नेता अन्नामलाई का बीजेपी से मोहभंग हो गया है। बीजेपी से अलग होने को लेकर चल रहे सस्पेंस से अब अन्नामलाई ने पर्दा हटा दिया है। अन्नामलाई ने पार्टी से इस्ताफा दे दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
आगे की राह का करेंगे ऐलान
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, के. अन्नामलाई ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसे अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अन्नामलाई का पार्टी से औपचारिक रूप से संबंध समाप्त हो गया है। बीजेपी ने अन्नामलाई की प्रेस कांफ्रेंस से पहले उनके इस्तीफे की जानकारी साझा की है। वहीं अन्नामलाई आज 12 बजे अपने समर्थकों को सोशल मीडिया से संबोधित करने वाले हैं। अन्नामलाई तमिलनाडु की राजनीति में अकेले आगे बढ़ना चाहते हैं। बता दें कि, अन्नामलाई ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को ही इस्तीफा सौंप था लेकिन गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद इसमें पॉज लगने की बात कही गई थी।
चुनावी मैदान में देंगे बीजेपी को टक्कर
अन्नामलाई अपने अगले बड़े राजनीतिक कदम की तैयारी में जुटे हुए हैं। उनके करीबी लोगों का कहना है कि वह एक बड़े राजनीतिक अभियान की योजना बना रहे हैं। फिलहाल तमिलनाडु विधानसभा की पांच सीटें खाली हैं, जिसके कारण आने वाले महीनों में उपचुनाव कराए जाने की संभावना है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद त्रिची ईस्ट सीट छोड़ दी थी। उन्होंने पेराम्बुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया था। उन चुनावों में उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने पूरे राज्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की थी। इसके अलावा, पिछले महीने अन्नाद्रमुक (AIADMK) के चार विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) में शामिल हो गए। इसके चलते विधानसभा की खाली सीटों की संख्या बढ़ गई है और उपचुनाव की चर्चा तेज हो गई है।