BMC Elections 2026 Date: बीएमसी चुनाव की तारीखों का ऐलान! मुंबई में 15 जनवरी को होगी वोटिंग, 16 जनवरी को आएंगे नतीजे

BMC Elections 2026: बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) के चुनाव 15 जनवरी, 2026 को होंगे। जबकि वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी। BMC पार्षदों का कार्यकाल 2022 में खत्म हो गया था। लेकिन आरक्षण से जुड़े कानूनी विवादों के कारण चुनाव में देरी हुई है

अपडेटेड Dec 15, 2025 पर 5:49 PM
Story continues below Advertisement
BMC Elections 2026: मुंबई सिविक बॉडी BMC चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी को होंगे

BMC Elections 2026 Schedule: देश की सबसे अमीर कॉर्पोरेशन बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) में आखिरकार चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। महाराष्ट्र में मुंबई समेत 29 नगर निकायों के लिए चुनाव 15 जनवरी को होंगे। जबकि वोटों की गिनती 16 जनवरी की जाएगी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव 2022 की शुरुआत में होने थे। लेकिन आरक्षण से जुड़े कानूनी विवादों के कारण चुनाव में देरी हुई है। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने कहा कि इन नगर निकायों में कुल 2,869 सीटों के लिए चुनाव होंगे।

नगर निकाय चुनावों के बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम की सोमवार को एक प्रेस वार्ता में घोषणा करते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर से शुरू होगी। यह प्रक्रिया 30 दिसंबर तक चलेगी। उन्होंने बताया कि पर्चों की जांच 31 दिसंबर को की जाएगी। जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख दो जनवरी 2026 होगी। राज्य चुनाव आयोग ने BMC के साथ-साथ 28 अन्य सिविक कॉर्पोरेशनों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।

चुनाव चिन्हों का आवंटन और उम्मीदवारों की अंतिम सूची तीन जनवरी को जारी की जाएगी। वाघमारे ने बताया कि महाराष्ट्र भर में फैले 29 नगर निकायों में मतदान 15 जनवरी को होगा। जबकि वोटों की गिनती अगले दिन होगी। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, पुणे, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर समेत सभी 29 नगर निगमों के चुनाव एक ही चरण में होंगे। इसी के साथ आज से आचार संहिता लागू हो गई है।


मुंबई में 227 वार्डों और नवी मुंबई में 111 वार्डों में वोटिंग होगी। उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका सहित इन 29 नगर निकायों में 2,869 सीटें चुनाव के लिए उपलब्ध हैं। राज्य के इन प्रमुख शहरी केंद्रों में 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन चुनावों में प्रमुख नगर निकायों में मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर शामिल हैं।

मुंबई में राजनीतिक दबदबे के लिए BMC चुनाव बहुत अहम माने जाते हैं। इन चुनावों में दो बड़े गठबंधनों सत्ताधारी 'महायुति' और 'महा विकास अघाड़ी' के बीच सीधा मुकाबला होगा। राज्य में शासन करने वाले महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी (BJP), एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का अजित पवार गुट शामिल है।

जबकि मुख्य विपक्षी गठबंधन, महा विकास अघाड़ी (MVA) में इंडियन नेशनल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और NCP-SP का शरद पवार गुट शामिल है। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के शिवसेना UBT के साथ हाथ मिलाने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Nitin Nabin BJP National President: बिहार से दिल्ली पहुंचे नितिन नबीन, BJP राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का संभाला पदभार, दफ्तर में मेगा स्वागत

चुनाव से जुड़ी बड़ी बातें

नामांकन दाखिल करने की तारीख:- 23 से 30 दिसंबर

नामांकन की जांच की तारीख: 31 दिसंबर

नामांकन वापस लेने की आखिरी डेट: 2 जनवरी, 2026

उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट और चुनाव चिन्हों का बंटवारा कब होगा?- 3 जनवरी, 2026

वोटिंग की तारीख: 15 जनवरी, 2026

वोटों की गिनती कब होगी: 16 जनवरी, 2026.

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।