Gujarat Bomb Threat: गुजरात के सरकारी ऑफिस और यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी

Gujarat Bomb Threat: लगातार दूसरे दिन, गुजरात के कई सरकारी ऑफिस, पासपोर्ट ऑफिस, पोस्ट ऑफिस और एक यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की झूठी धमकी वाले ईमेल मिले हैं। जिसके चलते कई शहरों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा जांच और बिल्डिंग खाली करवाई गई।

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 2:50 PM
Story continues below Advertisement
गुजरात के सरकारी ऑफिस और यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी

Gujarat Bomb Threat: लगातार दूसरे दिन, गुजरात के कई सरकारी ऑफिस, पासपोर्ट ऑफिस, पोस्ट ऑफिस और एक यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की झूठी धमकी वाले ईमेल मिले हैं। जिसके चलते कई शहरों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा जांच और बिल्डिंग खाली करवाई गई।

वडोदरा स्थित पारुल यूनिवर्सिटी को सबसे पहले धमकी भरे ईमेल मिले। कैंपस में विस्फोटक होने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और SOG की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया और पूरे कैंपस की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि यूनिवर्सिटी में 29 भारतीय राज्यों और 75 से अधिक देशों के 65,000 से अधिक छात्र पढ़ते हैं, जिसके कारण छात्रों को निकालने के दौरान वडोदरा-वाघोड़िया रोड पर भारी ट्रैफिक लग गया।

सूरत में, पिपलोद क्षेत्र स्थित मुख्य पासपोर्ट ऑफिस को भी सुबह-सुबह धमकी भरा ईमेल मिला। अधिकारियों ने तुरंत बिल्डिंग को खाली कराया और गहन जांच शुरू की। उमरा पुलिस स्टेशन, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने जांच की, जबकि साइबर क्राइम यूनिट ने ईमेल भेजने वाले का पता लगाना शुरू कर दिया क्योंकि ईमेल गुजराती और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा गया था।


भावनगर में, हेड पोस्ट ऑफिस  के पासपोर्ट सेक्शन को भी इसी तरह की धमकी मिली, जबकि जुनागढ़ में गांधीग्राम इलाके के पोस्ट ऑफिस को भी बम की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद सुरक्षा जांच शुरू की गई।

राजकोट में, पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस दोनों को दोपहर 12:15 बजे के आसपास विस्फोट होने की धमकी वाला ईमेल मिला। ऑफिस को खाली करा लिया गया और क्राइम ब्रांच, SOG, A-डिवीजन पुलिस और बम डिटेक्शन स्कवॉड की टीमों ने तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने यह भी पुष्टि की कि अहमदाबाद स्थित पासपोर्ट ऑफिस को भी धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद सुरक्षा टीमों को मौके पर भेजा गया और जांच अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ईमेल फर्जी धमकियां लगती हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर सभी स्थानों पर पूरी तरह से जांच की। साइबर क्राइम टीमों ने ईमेल के स्रोत की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले SG हाईवे स्थित गुजरात हाई कोर्ट, नवरंगपुरा स्थित अहमदाबाद ग्रामीण न्यायालय और दाहोद जिला न्यायालय में भी इसी तरह की फर्जी बम धमाकों की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद सभी स्थानों पर सुरक्षा जांच की गई।

यह भी पढ़ें: LPG Shortage Mumbai: ईरान युद्ध की वजह से मुंबई में LPG संकट, कई रेस्टोरेंट्स हुए प्रभावित, अपने 'मेन्यू' में किया बदलाव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।