Char Dham Yatra: चारधाम यात्रा में टूट गए सभी रिकॉर्ड! 65.65 लाख श्रद्धालु पहुंचे, पर मौतों के इस आंकड़े ने बढ़ाई चिंता

Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब में इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है, लेकिन इसके साथ ही एक चिंताजनक आंकड़ा भी सामने आया है। एक विश्लेषण के अनुसार, 2026 में श्रद्धालुओं की संख्या 29 फीसदी बढ़कर 65.65 लाख के पार पहुंच गई है, वहीं इस दौरान जान गंवाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में 63 फीसदी का बड़ा उछाल आया है

अपडेटेड Nov 18, 2026 पर 9:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ढ़ती भीड़ के साथ ही श्रद्धालुओं की मौत के आंकड़ों में 63 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है

Char Dham Yatra 2026: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब में इस साल श्रद्धालुओं की भीड़ ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, देहरादून स्थित गैर-लाभकारी संस्था SDC फाउंडेशन के एक विश्लेषण में यह बात सामने आई है कि साल 2026 में 65.65 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने इन धार्मिक स्थलों के दर्शन किए, जो पिछले साल के मुकाबले 29 प्रतिशत ज्यादा है।

वैसे बढ़ती भीड़ के साथ ही श्रद्धालुओं की मौत के आंकड़ों में 63 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। राज्य सरकार के दैनिक बुलेटिनों के आधार पर यह डेटा एसडीसी फाउंडेशन के प्रवीण उप्रेती और संस्थापक अनूप नौटियाल द्वारा तैयार किया गया है। इसके मुताबिक, इस साल कुल 65,65,197 श्रद्धालु पांचों धाम पहुंचे, जो 2025 के 51,07,346 के मुकाबले 14,57,851 ज्यादा हैं।

बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा भीड़


इस साल सभी पांचों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, लेकिन इनकी रफ्तार अलग-अलग रही। बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में सबसे तेज 42 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि केदारनाथ में सबसे कम 9 फीसदी का इजाफा हुआ।

  • बद्रीनाथ: 23,49,345 श्रद्धालु (42% की बढ़ोतरी)
  • केदारनाथ: 19,33,138 श्रद्धालु (9% की बढ़ोतरी)
  • गंगोत्री: 10,07,177 श्रद्धालु (33% की बढ़ोतरी)
  • यमुनोत्री: 8,84,841 श्रद्धालु (37% की बढ़ोतरी)
  • हेमकुंड साहिब: 3,90,696 श्रद्धालु (42% की बढ़ोतरी)

स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौतों में 81% का उछाल

विश्लेषण के अनुसार, यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2025 में 182 थी, जो इस साल बढ़कर 297 हो गई है। इनमें से ज्यादातर मौतें स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक कारणों से हुईं, जिनमें 81 प्रतिशत का भारी उछाल आया है और यह आंकड़ा 159 से बढ़कर 288 पर पहुंच गया है।

अनूप नौटियाल ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य कारणों से होने वाली मौतों में 81 फीसदी की यह बढ़ोतरी यात्रा सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की मांग करती है। उन्होंने बताया कि अकेले केदारनाथ और बद्रीनाथ में ही 2026 में स्वास्थ्य संबंधी कारणों से 229 मौतें हुई हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यात्रा मार्गों पर बेहतर मेडिकल सुविधाएं, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम और हेल्थ स्क्रीनिंग को मजबूत करने पर जोर दिया।

वाहनों की आवाजाही 30% बढ़ी

श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही यात्रा मार्गों पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया है। 14 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, यात्रा रूट पर वाहनों की आवाजाही 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। साल 2025 में जहां 5,14,016 वाहन दर्ज किए गए थे, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 6,68,877 हो गई है।

नौटियाल के अनुसार, वाहनों की संख्या में यह तेज उछाल सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक मैनेजमेंट, रोड सेफ्टी और बुनियादी ढांचे पर बढ़ते दबाव को दर्शाता है। उन्होंने सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए डेटा-आधारित योजना और सख्त सुरक्षा उपायों की जरूरत बताई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।