Chhath Puja 2025: दिल्ली में यमुना घाट के लिए BJP-AAP में क्यों छिड़ी जंग? सरकार ने की छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा

Chhath Puja 2025: छठ पूजा के बीच दिल्ली की मुख्य विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार (26 अक्टूबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए फिल्टर किए गए पानी वाला एक नकली यमुना घाट बनाया है। बीजेपी ने पलटवार करते हुए AAP के आरोपों को राजनीतिक हताशा का शर्मनाक नमूना करार दिया

अपडेटेड Oct 26, 2025 पर 10:07 PM
Story continues below Advertisement
Chhath Puja 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दी (फाइल फोटो)

Chhath Puja 2025: छठ पूजा उत्सव के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार (26 अक्टूबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए फिल्टर किए गए पानी वाला एक नकली यमुना घाट बनाया है। जबकि श्रद्धालुओं को प्रदूषित नदी में खड़ा होना पड़ रहा है। वहीं, बीजेपी ने पलटवार करते हुए AAP के आरोपों को राजनीतिक हताशा का शर्मनाक नमूना करार दिया। साथ ही पूछा, "किसे बेवकूफ बना रहे हो..?"

राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी श्रद्धालुओं को मूर्ख बना रही है। वे पूर्वांचलियों के जीवन से खेल रही है।

उन्होंने कहा, "बिहार में सत्ता हथियाने को बेताब BJP दिल्ली में लाखों पूर्वांचलियों की जान से खेल रही है। वासुदेव घाट पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए फिल्टर पानी से भरा एक नकली यमुना घाट बनाया गया है। जबकि श्रद्धालुओं को प्रदूषित नदी में खड़ा रहना पड़ता है।"


उन्होंने दावा किया कि घाट के लिए पानी दिल्ली को पेयजल की आपूर्ति करने वाले वजीराबाद वाटर प्यूरिफिकेशन प्लांट की पाइपलाइन से लिया गया है। भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा अब यमुना में झाग साफ करने के लिए उसी रसायन का छिड़काव कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने एक बार पिछली आप सरकार को अपशब्द कहा था। 

AAP नेता ने आरोप लगाया कि BJP एक झूठ छिपाने के लिए हजार झूठ बोल रही है। उनका नाटक मतदाताओं को मूर्ख बनाने और इस सच्चाई को छिपाने के लिए रचा गया है कि यमुना अब भी खतरनाक रूप से जहरीली है।

भारद्वाज ने कहा, "दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति मानती है कि यमुना का पानी गंभीर बीमारियां पैदा कर सकता है। फिर भी BJP नेता फोटो खिंचवाने और झाग को छिपाने के लिए रसायन छिड़कने में व्यस्त हैं।" वहीं, दूसरी तरफ से दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP के आरोपों को खारिज कर दिया

उन्होंने कहा, "आज दिल्ली और पूरे देश की जनता ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का शर्मनाक नमूना देखालोगों ने AAP नेता सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे प्राकृतिक वासुदेव घाट की सफाई और वहां स्वच्छ जल की उपलब्धता पर आपत्ति जताते देखा।"

BJP नेता कहा, "सौरभ भारद्वाज द्वारा यमुना तट से जारी किया गया लाइव वीडियो (जिसमें उन्होंने नदी की सफाई पर आपत्ति जताई थी) पहला राजनीतिक ड्रामा था। जिसमें किसी विपक्षी नेता ने स्वच्छता और सफाई सुनिश्चित करने के सरकार के प्रयासों पर आपत्ति जताई थी।"

पिछली AAP सरकार पर निशाना साधते हुए सचदेवा ने दावा किया कि 2018 से 2024 तक पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना के तट पर छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने कहा कि अब जब रेखा गुप्ता की सरकार ने यमुना की बुनियादी सफाई पूरी कर ली है। केवल आठ महीनों में श्रद्धालुओं के लिए छठ पूजा करने के वास्ते प्राकृतिक घाट उपलब्ध करा दिए हैं तो वे हंगामा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Cyclone Montha UPDATES: कब और कितने बजे दस्तक देगा चक्रवाती तूफान मोंथा? आंध्र, बंगाल और ओडिशा में अलर्ट! भारी बारिश की चेतावनी

सौरभ भारद्वाज के प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए दिल्ली बीजेपी के आधिकारिक X हैंडल से लिखा गया, "हारे हुए विधायक जी। LG ने महाठग के करोड़ों का शीशमहल बनाने से नहीं रोका, लेकिन यमुना जी को साफ करने से रोक दिया? किसे बेवकूफ बना रहे हो..?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।