छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 25 साल की एक महिला ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल के घर में घुसकर उसकी पत्नी और बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पत्नी और एक बेटे की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 25 साल की एक महिला ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल के घर में घुसकर उसकी पत्नी और बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पत्नी और एक बेटे की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सरोजिनी भारद्वाज का कॉन्स्टेबल ललितेश यादव के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। घटना शनिवार सुबह की है, जब ललितेश अपने परिवार के साथ गांव जाने के लिए रेलवे स्टेशन टिकट लेने गए हुए थे।
इसी दौरान सरोजिनी सीधे उनके घर पहुंच गई। घर में घुसते ही उसका ललितेश की पत्नी रीना यादव से झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े की आवाज बाहर न जाए, इसके लिए उसने टीवी की आवाज तेज कर दी और फिर चाकू उठाकर हमला कर दिया।
सबसे पहले उसने सो रहे 9 साल के बेटे आदित्य पर कई बार चाकू से वार किया। इसके बाद उसने दोनों बेटियों- नैना और तान्या पर भी हमला करने की कोशिश की।
गंभीर रूप से घायल रीना यादव ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के पैर पकड़ लिए और अपनी बेटी को भागने के लिए कहा। एक बेटी बाथरूम में छिप गई, जबकि दूसरी किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों को बुलाने में कामयाब रही।
पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी दरवाजे पर खून से सना चाकू लेकर खड़ी थी। लोगों ने उसे काबू किया, चाकू छीना और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल रीना यादव और बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रीना और उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों बेटियों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और कॉन्स्टेबल के बीच पहले से जान-पहचान और संबंध थे। शुक्रवार को भी वह घर आई थी, लेकिन तब उसे वापस भेज दिया गया था। वहीं शनिवार को कॉन्स्टेबल की गैरमौजूदगी में यह खौफनाक वारदात हो गई।
पुलिस ने हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि हमला पहले से प्लान किया गया था या गुस्से में आकर यह कदम उठाया गया।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।