पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें एयरलिफ्ट कर मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती करवाया गया है। वो संगरूर में आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता के साथ थे।
जानकारी के मुताबिक, भगवंत मान संगरूर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। अधिकारियों के अनुसार, संगरूर में उन्हें कुछ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें जांच के लिए मोहाली लाया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत की जांच कर रहे हैं। अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann), अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के साथ महाशिवरात्रि के मौके पर संगरूर जिले के धुरी स्थित श्री रंकेश्वर महादेव शिव मंदिर (Shri Rankeshwar Mahadev Shiv Mandir) में पूजा करने पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती होने के बाद फाजिल्का में तय उनके सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। यह पहली बार नहीं है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हो। पिछले साल सितंबर में भी थकान और दिल की धड़कन कम होने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उससे पहले भी एक बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज के लिए वह इसी अस्पताल में भर्ती हुए थे।