Surya Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या की हत्याकांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस हत्याकांड पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि, दोस्ती की आड़ में हत्या कर दी गई। सीएम ने कहा कि, दोस्ती की आड़ में चाकूबाजी बर्दाश्त नहीं है। अगर कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा है, तो समझो कि वो गलती कर रहा है।
दोस्ती की आड़ में चाकूबाजी बर्दाश्त नहीं...
सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की यह घटना बेहद दुखद है और इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि यदि माता-पिता अपने बच्चों को सही संस्कार और दिशा देने में असफल रहते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति मित्रता का दिखावा करके किसी की जान लेता है, तो ये केवल अपराध नहीं बल्कि विश्वासघात भी है। ऐसे मामलों में कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी। बता दें कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर में पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
अनकाउंटर में ढे़र हुआ आरोपी
बता दें कि, ये घटना 28 मई को गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में घटी थी। आरोपी असद और उसके साथियों ने 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान पर हमला किया था। बताया जा रहा है कि यह घटना बकरीद के जश्न के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी के बाद हुई थी। सूर्य के परिवार के मुताबिक, पीड़ित और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों का सामाजिक दायरा भी लगभग एक जैसा था। परिवार का कहना है कि कुछ महीने पहले भी उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि पुरानी रंजिश और हालिया बहस के कारण यह घटना हुई, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
वहीं आरोपी असद की बीते रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। असद घटना के बाद 28 मई से फरार चल रहा था। शनिवार देर रात खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की ज्वाइंट टीम के साथ हुए एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, इस मामले के मुख्य आरोपी असद को हत्या के लिए उसके पिता नवाब ने कथित तौर पर उकसाया था। जांच में पता चला है कि नवाब को अपने बेटे असद की दोस्ती सूर्या चौहान के साथ पसंद नहीं थी और वह लगातार इस रिश्ते को लेकर नाराज रहता था।