इंस्टाग्राम पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' की रफ्तार दिग्गजों के उड़ा रही होश, सिर्फ 4 दिन में इतने फॉलोअर्स की गिनते-गिनते थक जाएंगे!
Cockroach Janta Party: जो चीज महज एक ऑनलाइन मजाक के तौर पर शुरू हुई थी, उसने देखते ही देखते भारतीय युवाओं के बीच एक बड़े सोशल मीडिया आंदोलन का रूप ले लिया। पेज पर अब तक कुल 56 पोस्ट शेयर किए गए हैं, जिनमें राजनीतिक संस्कृति और सिस्टम की नाकामियों पर तीखे और मजेदार मीम्स-रील्स बनाए गए हैं
CJP ने देश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या को भी पीछे छोड़ दिया है
Cockroach Janta Party: भारतीय सोशल मीडिया स्पेस में इस समय एक अजीबोगरीब नाम की 'पार्टी' ने तहलका मचा रखा है। इस नई इंटरनेट सेंसेशन का नाम है 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP)। यह कोई असली राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सटायर पेज है, जिसने लॉन्च होने के महज 4 दिनों के भीतर इंस्टाग्राम पर 11 मिलियन (1.1 करोड़) से अधिक फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पेज ने देश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या को भी पीछे छोड़ दिया है। वर्तमान में इंस्टाग्राम पर बीजेपी के करीब 8.7 मिलियन (87 लाख) फॉलोअर्स हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) के 1.9 मिलियन हैं। इस लिस्ट में अभी भी कांग्रेस 13.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे बनी हुई है।
इस पूरे सोशल मीडिया मूवमेंट की शुरुआत 16 मई को अमेरिका में पढ़ रहे पॉलिटिकल कम्युनिकेशन के एक भारतीय छात्र अभिजीत दिपके ने की थी। अभिजीत ने X पर एक 'गूगल फॉर्म' शेयर किया और लोगों को इस मॉक पार्टी में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन का न्योता दिया।
जो चीज महज एक ऑनलाइन मजाक के तौर पर शुरू हुई थी, उसने देखते ही देखते भारतीय युवाओं के बीच एक बड़े सोशल मीडिया आंदोलन का रूप ले लिया। पेज पर अब तक कुल 56 पोस्ट शेयर किए गए हैं, जिनमें राजनीतिक संस्कृति और सिस्टम की नाकामियों पर तीखे और मजेदार मीम्स-रील्स बनाए गए हैं।
इस ट्रेंड की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि अखिलेश यादव और महुआ मोइत्रा जैसे कई बड़े राजनेताओं ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस सफलता पर तंज कसते हुए दिपके ने बीजेपी के 'दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी' वाले नारे पर लिखा- 'उन्होंने कहा था कि यह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है।'
क्यों रखा गया 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम?
इस अजीबोगरीब नाम के पीछे सुप्रीम कोर्ट की एक हालिया टिप्पणी की पृष्ठभूमि जुड़ी हुई है। दरअसल, 15 मई को एक अदालती सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से कर दी थी। उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा पत्रकार, आरटीआई एक्टिविस्ट या सोशल मीडिया यूजर बन जाते हैं और 'हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।'
हालांकि, बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और संदर्भ से बाहर ले जाया गया। लेकिन तब तक इंटरनेट पर गुस्सा भड़क चुका था। अभिजीत दिपके ने इसी टिप्पणी के विरोध में और सिस्टम से परेशान देश के युवाओं को एक मंच देने के लिए व्यंग्य के रूप में 'कॉकरोच जनता पार्टी' का गठन कर दिया।
ये है CJP का 5 सूत्रीय मेनिफेस्टो
भले ही इस पेज का लहजा मजाकिया और सैटायर से भरपूर हो, और खुद को यह 'आलसी और बेरोजगारों की आवाज' कहती हो, लेकिन इस मूवमेंट ने भारत के युवाओं से जुड़े वास्तविक और गंभीर मुद्दों को उठाते हुए एक 5-पॉइंट घोषणापत्र जारी किया है:
पेपर लीक पर सख्त एक्शन: देश में लगातार हो रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कानून और कार्रवाई की मांग।
री-चेकिंग फीस खत्म हो: स्कूल और कॉलेज बोर्ड परीक्षाओं में पेपर दोबारा जांचने के नाम पर ली जाने वाली भारी-भरकम फीस को पूरी तरह बंद किया जाए।
RTI में पारदर्शिता: सूचना के अधिकार (RTI Act) को मजबूत करना और राजनीतिक फंडिंग में पूरी पारदर्शिता लाना।
जजों के रिटायरमेंट के बाद पद पर रोक: सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के रिटेल जजों को रिटायर होने के तुरंत बाद राज्यसभा सीट या अन्य सरकारी पद देने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगे।
नेताओं के दल-बदल पर लगाम: चुनाव जीतने के बाद निजी स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल बदलने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त नियम बनाना।
कुल मिलाकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का इंस्टाग्राम पर इतनी तेजी से करोड़ों फॉलोअर्स बटोरना यह दिखाता है कि देश का युवा सोशल मीडिया मीम्स के जरिए सिस्टम, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है। भले ही यह पेज एक सटायर है, लेकिन इसने मुख्यधारा के राजनीतिक दलों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि इंटरनेट पर युवाओं की ताकत को कम नहीं आंका जा सकता।