Rahul Vs Priyanka: क्या अब कांग्रेस को राहुल गांधी पर भरोसा नहीं? प्रियंका वाड्रा को पीएम चेहरा बनाने की मांग तेज!

Rahul Gandhi Vs Priyanka Gandhi: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने मंगलवार (23 दिसंबर) को प्रियंका गांधी वाड्रा को संभावित प्रधानमंत्री के तौर पर समर्थन दिया। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका की तुलना उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की

अपडेटेड Dec 23, 2025 पर 9:40 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi Vs Priyanka Gandhi: बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का भी राहुल गांधी की लीडरशिप पर से भरोसा उठ गया है

Rahul Gandhi Vs Priyanka Gandhi in Congress: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस वक्त जर्मनी यात्रा पर विदेश गए हुए हैं। इस बीच, कांग्रेस के अंदर उनकी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अब राहुल की जगह प्रधानमंत्री का चेहरा बनाने की मांग तेज हो गई है। चुनावों में कांग्रेस की लगातार हार के चलते पार्टी के एक वर्ग की ओर से प्रियंका गांधी को बड़ी भूमिका देने की मांग उठी है।

इस मामले में प्रियंका गांधी को उनके पति एवं बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का समर्थन मिला है। दोनों ने कहा है कि प्रियंका में पार्टी में बड़ी लीडरशिप भूमिका निभाने की क्षमता है। इस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब राहुल गांधी पर कांग्रेस के लोगों को ही भरोसा नहीं है।

किसने क्या कहा?


कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बांग्लादेश की स्थिति को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि अगर प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री बनीं, तो वह पीएम नरेंद्र मोदी की तरह खामोश नहीं रहेंगी। बल्कि पूर्व पीएम दिवंगत इंदिरा गांधी की तरह कार्रवाई करेंगी। इससे पहले कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उनकी पत्नी प्रियंका का राजनीति में उज्ज्वल भविष्य है। उन्होंने कहा कि एक समय आएगा, जब लोग उन्हें शीर्ष पद पर देखना चाहेंगे।

मसूद ने एक सवाल के जवाब में पीटीआई से कहा, "प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री हैं क्या? प्रियंका जी को प्रधानमंत्री बना दीजिए, वह प्रधानमंत्री (PM मोदी) की तरह पश्चिम बंगाल में जाकर बांग्लादेश के हिंदुओं की स्थिति पर खामोश नहीं रहेंगी। प्रियंका गांधी असम में जाकर भी बांग्लादेश में हिदुओं पर हो रहे अत्याचार पर चुप नहीं रहेंगी।"

उन्होंने दावा किया, "प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाकर देखिए कि वह कैसे इंदिरा गांधी की तरह जवाब देकर आएंगी। बांग्लादेश भारत-विरोधी अड्डा बन रहा है, आप (PM मोदी) कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। न आप कूटनीतिक जवाब देना जानते हैं और न वैसे जवाब देना जानते हैं।"

पति का भी मिला साथ

वहीं, कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उनकी पत्नी प्रियंका गांधी वाड्रा का राजनीति में उज्ज्वल भविष्य है। एक समय आएगा जब लोग उन्हें शीर्ष पद पर देखना चाहेंगे। वह उन खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बांग्लादेश की स्थिति का हवाला देते हुए कहा है कि प्रियंका गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी की तरह मजबूत प्रधानमंत्री साबित होंगी।

मसूद की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर वाड्रा ने कहा, "मुझे लगता है कि प्रियंका ने भी अपनी दादी (इंदिरा गांधी), अपने पिता (राजीव गांधी), सोनिया जी और अपने भाई (राहुल गांधी) से बहुत कुछ सीखा है। लोग उनकी तारीफ करते हैं। लोग देखते हैं कि उनमें क्या है... जब वह बोलती हैं, तो दिल से बोलती हैं। वह उन विषयों पर बोलती हैं जिन्हें वास्तव में सुनने की जरूरत है। वह उन पर बहस करती हैं।"

उन्होंने यह भी कहा, "मुझे लगता है कि राजनीति में उनका भविष्य उज्ज्वल है और इस देश में जमीनी स्तर पर जो जरूरी है उसे बदलने में भी उनका भविष्य उज्ज्वल है... मुझे लगता है कि यह समय पर होगा, यह तय है।"

BJP का पलटवार

BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मसूद के बयान को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी परेशान हैं, क्योंकि वह जो कहते हैं, उनकी पार्टी के सहयोगी खुद ही उसे खारिज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण शशि थरूर हैं। उन्होंने पिछले 20 सालों में बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की ओर से किए गए कार्यों की सराहना करके 'वोट-चोरी' संबंधी दावे की हवा निकाल दी।

ये भी पढ़ें- Navneet Rana: 'उनकी 4 पत्नियां और 19 बच्चे हैं, हिंदुओं को भी 4 बच्चे पैदा करना चाहिए'; नवनीत राणा ने की हिंदुस्तान बचाने की अपील

पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें अब राहुल गांधी पर भरोसा नहीं है। उन्होंने उनकी जगह प्रियंका गांधी वाड्रा को लाने की मांग की है। इसके बाद रॉबर्ट वाद्रा का भी समर्थन आया, जिन्होंने कहा-हां, यह सही है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।