Congress Student Leader Arrested: कांग्रेस की छात्र शाखा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष उदित प्रधान को एक होटल में 19 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार (21 जुलाई) बताया कि यह घटना 18 मार्च को हुई थी। लेकिन छात्रा द्वारा रविवार (20 जुलाई) को मंचेश्वर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रकाश में आई। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद उन्हें NSUI अध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया गया।
अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "छात्रE द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मंचेश्वर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई। फिर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।" अधिकारी ने बताया कि महिला ने NSUI की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पर यह भी आरोप लगाया कि उसने उसे कथित घटना के बारे में किसी को भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
अधिकारी ने कहा, "आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दुष्कर्म और आपराधिक धमकी भी शामिल है।" छात्रा की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह गिरफ्तारी हुई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मार्च में एक होटल के कमरे में उसे नशीला पदार्थ देकर उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।
न्यूज 18 के मुताबिक, युवती ने ओडिशा पुलिस को बताया कि प्रधान ने उसे रात के खाने पर बुलाया था। इस दौरान उसे कोल्ड ड्रिंक ऑफर की थी, जिसमें उसे लगता है कि कुछ मिलावट थी। आरोपी कांग्रेस नेता को सोमवार दोपहर में अदालत में पेश किया जाएगा।
कथित तौर पर प्रधान पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 64(1), धारा 123, धारा 296, धारा 74, धारा 351(2) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह घटना ऐसे संवेदनशील समय में सामने आई है, जब कांग्रेस ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर सत्ताधारी बीजेपी सरकार की तीखी आलोचना कर रही है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 18 मार्च को उसकी मुलाकात भुवनेश्वर के मास्टर कैंटीन चौक पर दो दोस्तों से हुई। इसमें से एक व्यक्ति ने खुद को उदित प्रधान और एनएसयूआई ओडिशा अध्यक्ष बताया। पीड़िता का आरोप है कि प्रधान कार में उसके बगल में बैठ गया। इस दौरान उसे गलत तरीके से छूने लगा। इसके बाद वे एक होटल गए। वहां एक कमरा बुक किया और शराब पीने लगे।
छात्रा ने बताया कि उसने शराब पीने से इनकार कर दिया, लेकिन प्रधान ने उसे एक गिलास कोल्ड ड्रिंक दी। उसने बताया, "जैसे ही मैंने वह कोल्ड ड्रिंक पी, मुझे चक्कर आने लगा और मैंने उनसे घर छोड़ने के लिए कहा। उसके बाद मुझे कुछ भी याद नहीं है।"
पीड़िता का दावा है कि जब उसे होश आया, तो उसने खुद को होटल के कमरे में पाया और प्रधान उसके पास लेटे हुए थे। उसे शरीर में दर्द हुआ। उसे एहसास हुआ कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है। फिर उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अपने ही एक शीर्ष छात्र नेता पर लगे गंभीर आरोपों ने अब कांग्रेस को मुश्किल में डाल दिया है। पुलिस फिलहाल प्रधान से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के रिकॉर्ड, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।