Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (21 जुलाई) को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश भर में मानसून आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मानसून भारत की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। इस दौरान पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहले भारतीय का पहुंचना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति देखी। पीएम मोदी ने कहा कि संसद का मानसून सत्र विजयोत्सव है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय सेना ने करीब 22 मिनट में ही आतंकवादियों के ठिकानों को जमींदोज कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद का दायरा आज सिकुड़ रहा है। कल तक तो रेड कॉरिडोर थे वह आज ग्रीन, ग्रोथ जोन में परिवर्तित हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा लहराया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। कृषि को लाभदायक मौसम की खबरें हैं। बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण होता है... पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है। जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "ये मानसून सत्र राष्ट्र के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है...ये मानसून राष्ट्र के लिए विजयोत्सव का रूप है...पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का तिरंगा का लहराना हर देशवासी के लिए गौरव का पल है। देश में विज्ञान और टेक्नोलॉजी, इनोवेशन के प्रति नया उमंग और उत्साह भरने वाली यात्रा रही है। पूरे संसद, दोनों सदन और देशवासी जिस गौरव का अनुभव कर रहे हैं उसमें एक स्वर से जुड़ेंगे और इसका यशगान होगा।"
PM मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, "यह मानसून सत्र एक विजयोत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया गया...मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए स्वरूप की ओर दुनिया काफी आकर्षित हुई है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आर्थिक क्षेत्र में जब 2014 में आप सभी ने हमें जिम्मेदारी दी थी, तब देश फ्रैजाइल फाइव के चरण से गुजर रहा था। 2014 से पहले हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर थे। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
मानसून सत्र की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, "आज हमारे सुरक्षा बल नए आत्मविश्वास और नक्सलवाद को खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कई जिले आज नक्सलवाद से मुक्त हैं। हमें गर्व है कि भारतीय संविधान नक्सलवाद के खिलाफ विजयी हो रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "कभी देश में महंगाई दर दोहरे अंकों में थी लेकिन आज यह दो फीसदी के आसपास आ चुकी है। आम आदमी को राहत मिली है।"