Sonam Raghuvanshi: मेघालय पुलिस ने दावा किया है कि 'ऑपरेशन हनीमून' नामक अपने अभियान में उन्होंने इंदौर के व्यक्ति की हत्या की साजिश में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि 3 जून को, राजा रघुवंशी का शव एक खाई में मिलने के एक दिन बाद ही उन्हें पता चल गया था कि सोनम रघुवंशी राजा के मर्डर में शामिल थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 'लापता से हत्या' में बदले इस रहस्यमय मामले को सुलझाने वाली टीम में 20 सीनियर अधिकारियों के साथ 120 पुलिसकर्मी शामिल थे।
मेघालय पुलिस के अनुसार, सोनम ने कथित तौर पर इंदौर में अपनी शादी के कुछ ही दिनों बाद, मेघालय में अपने हनीमून के दौरान पति से छुटकारा पाने के लिए हत्यारों को सुपारी दी थी। इस मामले में राज कुशवाहा, विशाल चौहान और आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोनम के सामने की गई राजा की हत्या!
कई जगहों पर छापेमारी की गई और तीन आरोपियों के प्रोफाइल की जांच की गई। इसी दौरान सोनम रघुवंशी को आरोपियों के साथ उस जगह से 10 किलोमीटर दूर देखा गया, जहां उसके पति की हत्या की गई थी। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि यह सोनम ही थी जिसने उनसे राजा रघुवंशी को मारने के लिए कहा था और उसकी हत्या उसकी आंखों के सामने की गई थी।
पुलिस ने बताया, 'सभी आरोपी 21 मई को नवविवाहित जोड़े का गुवाहाटी तक और 22 मई को शिलॉन्ग तक पीछा करते रहे। उन्होंने अगले ही दिन राजा की हत्या कर दी।' उन्होंने हत्या का हथियार गुवाहाटी के एक होटल के बाहर एक दुकान से खरीदा था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राजा रघुवंशी को दो वार किए गए थे, एक सिर के पिछले हिस्से पर और एक सामने की तरफ।
सोनम का कथित प्रेमी राज, मेघालय नहीं आया था, लेकिन शिलॉन्ग पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसने पर्दे के पीछे से इस पूरी योजना को अंजाम दिया। वो लगातार सोनम के संपर्क में था। सूत्रों ने बताया कि सोनम अपने पति की हत्या करने के लिए ही मेघालय आई थी। सूत्रों के अनुसार, 23 मई को राजा की हत्या के बाद सोनम रघुवंशी मेघालय से इंदौर आई जहां वह अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा से मिली।
सूत्रों ने बताया कि युगल ने मेघालय में अपनी एक भी तस्वीर नहीं ली थी और इसी बात से पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने आगे बताया, 'पुलिस को 3 जून को ही पता चल गया था कि सोनम हत्या में शामिल थी। घटना स्थल पर आकाश की खून से लथपथ शर्ट मिली थी। सोनम ने अपनी रेनकोट आकाश को दी थी, जो अपराध स्थल से 6 किलोमीटर दूर मिली थी। यह जांच को गुमराह करने के लिए किया गया था। जब आनंद कुर्मी पकड़ा गया, तो उसने वही कपड़े पहने हुए थे जो घटना के समय उसने पहने थे।'
ये है मामले की पूरी टाइमलाइन
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 11 मई को अपनी शादी के कुछ दिनों बाद हनीमून के लिए मेघालय गए थे। वे 23 मई को लापता हो गए। रघुवंशी का शव 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में एक झरने के पास एक खाई में मिला था। सूत्रों के अनुसार, 23 मई को सोनम रघुवंशी मेघालय से इंदौर के लिए रवाना हुई, जहां वह अपने कथित प्रेमी और हत्या में सह-साजिशकर्ता राज कुशवाहा से मिली। वह एक दिन के लिए इंदौर में एक किराए के कमरे में रुकी और फिर एक ड्राइवर द्वारा उसे उत्तर प्रदेश छोड़ दिया गया। बता दें कि सोनम रघुवंशी ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।