CP Radhakrishnan: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के उम्मीदवार, पीएम मोदी ने बधाई

Vice Presidential election 2025: जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के कुछ सप्ताह बाद केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने रविवार (17 अगस्त) को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया। बीजेपी संसदीय दल की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा, "महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे"

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 9:01 PM
Story continues below Advertisement
सीपी राधाकृष्णन होंगे NDA के उपराष्ट्रपति के उम्मीदवार, जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

Vice Presidential election 2025: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के उम्मीदवार होंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रमुख नेपी नड्डा ने रविवार (17 अगस्त) को इसकी आधिकारिक घोषणा की। बीजेपी संसदीय दल की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेपी नड्डा ने कहा, "महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे।" यह फैसला बीजेपी संसदीय दल की बैठक में लिया गया।

जगदीप धनखड़ के अचानक से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के लगभग एक महीने बाद यह घोषणा की गई है। जेपी नड्डा ने कहा कि हम चाहते हैं कि अगला उपराष्ट्रपति सर्वसम्मति से चुना जाए। हमने विपक्षी नेताओं से संपर्क किया है। NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर बीजेपी प्रमुख जे पी नड्डा ने कहा कि सी पी राधाकृष्णन को राजनेता माना जाता है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में समाज के सभी वर्गों में उनका सम्मान है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, "हम विपक्ष से भी बात करेंगे। हमें उनका समर्थन भी प्राप्त करना चाहिए ताकि हम मिलकर उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित कर सकें। जैसा कि हमने पहले कहा, हम उनके संपर्क में हैं और हमारे वरिष्ठ नेताओं ने पहले भी उनसे संपर्क किया है और अब भी हम उनके संपर्क में रहेंगे और हमारे सभी NDA सहयोगियों ने हमारा समर्थन किया है। सीपी राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद के लिए हमारे NDA के उम्मीदवार हैं।"


पीएम मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित किए जाने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने हा कि मुझे खुशी है कि NDA परिवार ने सीपी राधाकृष्णन को हमारे गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में राधाकृष्णन जी ने अपनी लगन और विनम्रता से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पीएम ने कहा कि विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और वंचितों के सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है।

उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक रविवार दोपहर में हुई। केंद्र में सत्तारूढ़ NDA ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को अधिकृत किया था। इस पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है।

अगर विपक्ष भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करता है तो उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। NDA को निर्वाचक मंडल में पूर्ण बहुमत हासिल है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है। जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के कारण यह चुनाव कराना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें- 'कुछ नेता बिहार SIR के बारे में गलत सूचना फैला रहे हैं': चुनाव आयोग ने 'वोट चोरी' के आरोपों को बताया 'भारत के संविधान का अपमान', पढ़ें- बड़ी बातें

सीपी राधाकृष्णन के बारे में बड़ी बातें

सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं।

वह तमिलनाडु से हैं।

झारखंड के पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं।

वह आरएसएस पृष्ठभूमि से आते हैं।

तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।

कोयम्बटूर से दो बार लोकसभा के सांसद चुने गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।