हरियाणा में CRPF जवान को घर से बाहर बुलाकर बरसा दी गोलियां, कावड़ यात्रा को लेकर हुआ था विवाद 

CRPF Jawan Krishna Kumar: ACP ऋषि कांत ने बताया कि हाल ही में हरिद्वार की कांवड़ यात्रा के दौरान जवान कृष्ण कुमार और कांवड़ियों के बीच कथित तौर पर बहस हुई थी। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि धार्मिक यात्रा के दौरान हुई व्यक्तिगत झड़प हिंसा में बदल गई होगी

अपडेटेड Jul 29, 2025 पर 10:22 AM
Story continues below Advertisement
पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार को देर रात गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर निकले उन्हें गोली मार दी गई

CRPF Jawan: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक 30 वर्षीय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान कृष्ण कुमार की कथित तौर पर उसके घर के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को संदेह है कि यह हत्या हाल ही में कांवड़ियों के साथ हुई झड़प से जुड़ी हो सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को खेड़ी दमकाण गांव में हुई।

अपने नवजात बेटे से मिलने घर आया था जवान

CRPF के जवान कृष्ण कुमार हाल ही में छत्तीसगढ़ से अपने घर लौटे थे। वह 25 जुलाई को भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां में अपनी पत्नी के बेटे को जन्म देने के बाद उससे मिलने आए थे। पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार को देर रात गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर निकले उन्हें गोली मार दी गई। सोनीपत पुलिस के प्रवक्ता रविंदर सिंह के हवाले से बताया, 'उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।'


कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ था विवाद

पीड़ित परिवार ने इस हत्या में तीन व्यक्तियों निशांत, आनंद और अजय स्थानीय निवासी और कांवड़ियों के शामिल होने का आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) ऋषि कांत ने बताया कि हाल ही में हरिद्वार की कांवड़ यात्रा के दौरान जवान कृष्ण कुमार और कांवड़ियों के बीच कथित तौर पर बहस हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि धार्मिक यात्रा के दौरान हुई व्यक्तिगत झड़प हिंसा में बदल गई होगी। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

PTI ने ACP कांत के हवाले से बताया, 'हमने मृतक के पिता बलवंत की FIR दर्ज कर ली है, जिसमें उनके 29 वर्षीय बेटे एक CRPF जवान को गोली मारे जाने का आरोप है। वह कांवड़ यात्रा के दौरान दो लोगों के साथ झगड़े में शामिल थे। हमारी चार टीमें दोषियों का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।