Get App

Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवात अकवान, 130 kmph की स्पीड से बढ़ेगा ये तूफान! जानिए कब और कहां होगा असर

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक बेहद गंभीर तूफान बन सकता है। ओडिशा में निकासी की तैयारी, चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।

Manushri Bajpaiअपडेटेड Nov 16, 2026 पर 1:42 PM
Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवात अकवान, 130 kmph की स्पीड से बढ़ेगा ये तूफान! जानिए कब और कहां होगा असर
मंगलवार से बारिश तेज होने की संभावना है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव का क्षेत्र तेजी से ताकतवर हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक यह मौसमी सिस्टम सोमवार 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद मंगलवार तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। हमारी सहयोगी न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक तूफान की आशंका को देखते हुए ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दक्षिणी और तटीय इलाकों के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर तमिलनाडु के चेन्नई और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 18 और 19 नवंबर को बारिश का असर सबसे ज्यादा रहने की आशंका जताई गई है।

इस संभावित चक्रवात को लेकर पूर्वी और दक्षिणी तटीय इलाकों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की तैयारियों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने, मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह देने और किसानों को फसल काटने के निर्देश देने जैसे कदम शामिल हैं।

कैसे आगे बढ़ रहा है चक्रवात अकवान?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में इस मौसमी सिस्टम की शुरुआत दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में हुई थी। यह 15 नवंबर की सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और दक्षिण-पूर्व तथा उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसकी ताकत बढ़ती गई। शुरुआती अनुमान में IMD ने कहा था कि यह गहरा दबाव 16 नवंबर को दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई थी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें