Cyclone Alert: 145 KM की रफ्तार से टकराएगा तूफान, 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना यह सिस्टम सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद मंगलवार, 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवात में बदलने की संभावना है

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 8:59 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिल सकता है (Photo: Canva)

IMD Heavy Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेजी से मजबूत हो रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान आने का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 16 नवंबर को जारी अपने ताजा अनुमान में बताया कि, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात 'अकवान' और ताकतवर हो सकता है। इसके 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने से पहले बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। मौसम विभाग इस तूफान की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। आइए जानते हैं कैसा होगा आज का मौसम

आंध्र प्रदेश के तट से कब टकराएगा तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना यह सिस्टम सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद मंगलवार, 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवात में बदलने की संभावना है। अनुमान है कि यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट के पास बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। प्रभावित इलाकों की पहचान कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।


145 किलोमीटर प्रति घंटे चल सकती है हवा

IMD के अनुमान के मुताबिक, चक्रवात 17 नवंबर की शाम तक गंभीर तूफान में बदल सकता है। वहीं 18 नवंबर को ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में हवा की गति 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है। वहीं, रायलसीमा में भी तेज हवाएं चल सकती हैं। 21 नवंबर को इनकी रफ्तार धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है।

आंध्र प्रदेश

आने वाले चक्रवात का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम में देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, 18 नवंबर को कुछ जगहों पर तेज बारिश होगी, जबकि 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। रायलसीमा में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। तूफान के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही किसानों और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

ओडिशा

ओडिशा में 18 नवंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय इलाकों में 18 नवंबर को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। वहीं, 19 नवंबर से हवा की गति बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है और झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दक्षिणी जिलों के अधिकारियों को कमजोर इलाकों की पहचान करने और निचले व भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इनमें गंजम जिला भी शामिल है, जहां पिछले चक्रवात अर्नब के दौरान कई लोगों की जान गई थी।

पश्चिम बंगाल

चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक हो सकती है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए IMD ने मछुआरों को 19 और 20 नवंबर को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

तमिलनाडु और पुडुचेरी

चक्रवात के असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में तेज बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम और मयिलादुथुराई के साथ पुडुचेरी में भी भारी बारिश का अनुमान है। खराब मौसम को देखते हुए तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मछुआरों को 16 से 21 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।