दिल्ली एयरपोर्ट पर पायलट के आतंक की CCTV से खुली पोल, इतनी जोर से किया हमला कि टूट गई नाक की हड्डी

Delhi Airport Assault Case: यह पूरी घटना 19 दिसंबर की है, जब अंकित अपने परिवार और 4 महीने के बच्चे के साथ सुरक्षा जांच के लिए कतार में लगे थे। जब कुछ स्टाफ सदस्य लाइन काटकर आगे निकल रहे थे, तब अंकित ने इसका विरोध किया, तो पायलट वीरेंद्र सेजवाल ने उनसे पूछा, 'क्या तुम अनपढ़ हो? इसके बाद बहस बढ़ी और पायलट ने अंकित पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 3:22 PM
Story continues below Advertisement
अंकित ने CISF जवानों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि एक जवान तो टेबल के ऊपर से कूदकर उन्हें बचाने आया था

Delhi Airport Assault Case: दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट द्वारा एक यात्री की पिटाई का मामला अब और भी गंभीर हो गया है। पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने घटना की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद जो आपबीती सुनाई है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है। अंकित के मुताबिक, पायलट सिर्फ आक्रामक नहीं था, बल्कि वह 'पागलपन' की हद तक हिंसक हो गया था। हमले की वजह से अंकित की नाक की हड्डी टूट गई है।

CCTV फुटेज से पायलट की खुली पोल

अंकित दीवान ने सोशल मीडिया X पर सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद सिलसिलेवार तरीके से उस दिन की पूरी सच्चाई बताई। अंकित ने लिखा, 'कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने अचानक उनपर हमला शुरू किया। पहले वार के बाद शायद मुझे गंभीर चोट लग गई थी, क्योंकि मुझे याद नहीं कि उसने मुझे कितनी बार मारा और जमीन पर घसीटा।' फुटेज में दिखा कि पायलट दो बार पहले भी हमला करने की कोशिश कर चुका था, लेकिन वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका था। अंकित ने CISF जवानों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि एक जवान तो टेबल के ऊपर से कूदकर उन्हें बचाने आया था।


कैसे हुई थी विवाद की शुरुआत?

यह पूरी घटना 19 दिसंबर की है, जब अंकित अपने परिवार और 4 महीने के बच्चे के साथ सुरक्षा जांच के लिए कतार में लगे थे। चूंकि अंकित के पास बच्चे का स्ट्रॉलर था, उन्हें स्टाफ वाली कतार में भेजा गया। वहां कुछ स्टाफ सदस्य लाइन काटकर आगे निकल रहे थे। जब अंकित ने इसका विरोध किया, तो पायलट वीरेंद्र सेजवाल ने उनसे पूछा, 'क्या तुम अनपढ़ हो? साइन बोर्ड नहीं पढ़ सकते कि यह स्टाफ की लाइन है?' इसके बाद बहस बढ़ी और पायलट ने अंकित पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

'ड्यूटी' पर था या 'ऑफ-ड्यूटी'?

इस मामले में एक बड़ा टेक्निकल विवाद खड़ा हो गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि पायलट एक यात्री के तौर पर सफर कर रहा था और यह दो यात्रियों के बीच का झगड़ा है। अंकित ने कहा कि पायलट की शर्ट की पट्टियां साफ दिख रही थीं। उन्होंने तर्क दिया कि पायलट को बेंगलुरु से उड़ान भरनी थी और DGCA के नियमों के मुताबिक, 'डेडहेडिंग' यानी क्रू को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने को ड्यूटी का हिस्सा माना जाता है। ऐसे में एयरलाइन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती।

इस मामले में अब तक क्या हुआ है?

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जांच पूरी होने तक पायलट वीरेंद्र सेजवाल को ड्यूटी से हटा दिया है। जांच में अंकित की नाक में फ्रैक्चर पाया गया है, जो इस हमले की गंभीरता को बयान करता है। कैप्टन सेजवाल का कहना है कि इस मामले को जानबूझकर 'पायलट बनाम यात्री' विवाद के रूप में पेश किया जा रहा है, जबकि यह उनकी निजी यात्रा का मामला था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।