राजधानी दिल्ली में रविवार को एक और आग की घटना सामने आई है। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक मकान में आग लग गई। दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही कोई जख्मी है। चार बच्चे और चार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय कुछ लोगों के इमारत में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। बता दें कि इससे पहले, तीन जून को मालवीय नगर के होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आग में किसी बच्चे की मौत होने की खबर गलत है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़ी अधिक जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
लोगों को किया गया रेस्क्यू
दमकल विभाग के स्टेशन अधिकारी फूल सिंह मीणा ने बताया कि उन्हें दोपहर 3:38 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब टीम मौके पर पहुंची तो पूरी इमारत धुएं से भरी हुई थी और कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और चार बच्चों सहित कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों को निकालने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया। सभी सुरक्षित थे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। इसी वजह से उन्होंने अस्पताल जाने से भी इनकार कर दिया।
फूल सिंह मीणा ने बताया कि मकान में मौजूद दो पिल्लों की जान नहीं बचाई जा सकी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग ऊपरी ग्राउंड फ्लोर पर लगे एक एयर कंडीशनर (एसी) से शुरू हुई थी। इसके बाद आग तेजी से घर के सामान में फैल गई। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। अधिकारी के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह का खतरा नहीं है। बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस अभियान में दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने हिस्सा लिया था।