BRICS समिट के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और DMRC ने लोगों से पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट के चलते कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसी के साथ कुछ रास्तों पर ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। इसी बीच दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए रविवार को राहत की खबर है। रविवार को यात्रियों को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य समय से एक घंटे पहले मिलेंगी। DMRC ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों और BRICS समिट के चलते रविवार को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवा सामान्य से पहले शुरू होगी।
कल जल्दी शुरू होगी मेट्रो लाइन
दिल्ली मेट्रो में आम दिनों में पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन जैसी कुछ मेट्रो लाइनों पर रविवार की सेवा सुबह 7 बजे शुरू होती है, लेकिन परीक्षा को देखते हुए DMRC ने सभी कॉरिडोर पर सुबह 6 बजे से मेट्रो चलाने का फैसला किया है। इससे परीक्षा देने वाले छात्रों को समय पर अपने सेंटर तक पहुंचने में मदद मिलेगी। DMRC ने X पर जानकारी देते हुए बताया कि, 'BRICS समिट के चलते दिल्ली में ट्रैफिक पाबंदियां लागू रहेंगी। इसे देखते हुए परीक्षा देने वाले छात्रों और आम यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवा सुबह 6 बजे से शुरू की जाएगी। इससे लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी।'
ये फैसला छात्रों और यात्रियों की सुविधा के लिए लिया गया है। DMRC ने लोगों से बदले समय के अनुसार अपनी यात्रा प्लान करने की अपील की है। DMRC का ये फैसला NDA और CDS परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए काफी मददगार रहेगा। रविवार को सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक में बदलाव के कारण दिल्ली के कुछ इलाकों में आने-जाने में ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में सुबह जल्दी मेट्रो सेवा शुरू होने से परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने में आसानी होगी।
उम्मीदवार ने किया था रिक्वेस्ट
दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह जल्दी शुरू करने का फैसला एक CDS उम्मीदवार की मांग के बाद लिया गया। उम्मीदवार ने ट्रैफिक पुलिस से अनुरोध किया था कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने के लिए सुबह मेट्रो सेवा शुरू कराई जाए। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने यह अनुरोध DMRC तक पहुंचाया। मामले को देखते हुए DMRC ने रविवार को पूरे मेट्रो नेटवर्क पर सुबह 6 बजे से ट्रेन चलाने का फैसला किया।
12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट के चलते कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है और कुछ रास्तों पर ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। VVIP काफिलों और सड़क पर लगने वाली पाबंदियों के कारण लोगों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि संभव हो तो सड़क की बजाय मेट्रो से सफर करें।