Delhi NCR Heat wave alert: 22 से 24 अप्रैल तक दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ये अलर्ट, चेक करें

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में 22 से 24 अप्रैल तक भीषण लू का अलर्ट जारी हुआ है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। जानिए मौसम विभाग की चेतावनी, प्रभावित इलाके और जरूरी सावधानियां।

अपडेटेड Apr 21, 2026 पर 6:15 PM
Story continues below Advertisement
मौसम विभाग ने नोट किया कि हिमाचल प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया है।

देश के उत्तर और मध्य भागों में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को चेतावनी जारी की है कि अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा। आईएमडी वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत करते हुए दिल्ली-एनसीआर समेत देश के दूसरे इलाके के मौसम के प्रिडिक्शन की जानकारी दी है।

दिल्ली-NCR: 22 अप्रैल से बढ़ेगा लू का प्रकोप

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में गर्मी का असली टॉर्चर बुधवार से शुरू होगा। मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए 22 से 24 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा हरियाणा में लू के साथ-साथ 'वार्म नाइट' (गर्म रात) का भी अलर्ट है, जिससे रात के समय भी तापमान ऊंचा रहेगा और बेचैनी बढ़ेगी।


यहां नीचे देखिए मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने और क्या क्या बताया

उत्तर प्रदेश और पंजाब: 5 दिनों की अग्निपरीक्षा

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस समय देश में सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने राज्यों के लिए सटीक पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भीषण लू चलने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 22 अप्रैल से लू का असर दिखना शुरू होगा। पंजाब और हरियाणा में अगले 4 दिनों तक हीटवेव की स्थिति बरकरार रहेगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 22 अप्रैल से अगले 3 दिनों तक लू चलने का अनुमान है।

बिहार और बंगाल में भी येलो अलर्ट

उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी भारत भी गर्मी से अछूता नहीं है। बिहार और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में अगले दो दिनों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में भी मौसम काफी गर्म और उमस भरा बना रहेगा।

देशभर का तापमान: कहां कितनी गर्मी?

आईएमडी की रिलीज के अनुसार, देश के कई हिस्सों में पारा 40 से 45 डिग्री के बीच पहुंच गया है:

40°C - 45°C: विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान इस सीमा में दर्ज किया गया।

36°C - 40°C: ओडिशा, रायलसीमा, झारखंड, राजस्थान और गुजरात के छिटपुट इलाकों में पारा इसी रेंज में रहा।

राहत वाले क्षेत्र: केवल पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

सामान्य से बहुत अधिक है तापमान

मौसम विभाग ने नोट किया कि हिमाचल प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और केरल के कई हिस्सों में भी पारा सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। आईएमडी ने 'येलो अलर्ट' के मद्देनजर लोगों को दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचने, ढीले सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।

Delhi Heatwave: 'चक्कर-घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर...'; दिल्ली की झुग्गियों में गर्भवती महिलाओं पर प्रचंड गर्मी की मार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।