Delhi NCR Heatwave Breaks Records: दिल्ली एनसीआर में भयानक लू ने तोड़े रिकॉर्ड, इन इलाकों में टेंप्रेचर 46°C के पार

Delhi NCR Heatwave Breaks Records: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पूरा इलाका इस समय किसी जलती हुई भट्टी जैसा महसूस हो रहा है और रात के समय भी न्यूनतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रहने के कारण लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है

अपडेटेड May 20, 2026 पर 12:59 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली एनसीआर के लोगों को आज 20 मई को प्रचंड हीटवेव का सामना करना पड़ रहा।

दिल्ली एनसीआर के लोगों को आज 20 मई को प्रचंड हीटवेव का सामना करना पड़ रहा। आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती गर्म पछुआ हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। बिगड़ते हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिन दिल्ली-एनसीआर के लोगों को झुलसा देने वाली भीषण लू का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पूरा इलाका इस समय किसी जलती हुई भट्टी जैसा महसूस हो रहा है और रात के समय भी न्यूनतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रहने के कारण लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है।

रिज एरिया सबसे गर्म, लोधी रोड में सामान्य से 6°C अधिक तापमान


दिल्ली के अलग-अलग वेदर स्टेशनों पर दर्ज किया गया तापमान इस प्रकार है। रिज एरिया का इलाका पूरी दिल्ली में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 46.5°C दर्ज किया गया। लोधी रोड के इलाके में पारा 45.2°C तक जा पहुंचा। यह सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आयानगर का अधिकतम तापमान 45.5°C दर्ज किया गया। सफदरजंग और पालम स्टेशनों पर तापमान 45.1°C को छू गया।

आज और कल कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में गर्मी का ग्राफ अभी और ऊपर चढ़ सकता है-

कल का मौसम (21 मई): हीटवेव की स्थिति में कोई सुधार नहीं होगा। पारा 44 से 46 डिग्री के बीच ही रहेगा और 'ऑरेंज अलर्ट' पूरी तरह प्रभावी रहेगा।

दिल्ली के विभिन्न कोनों का हाल

दिल्ली के सभी इलाकों में सूर्य देव का एक जैसा ही सितम देखने को मिलेगा:

उत्तर, उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम दिल्ली: आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और हीटवेव से सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।

नई दिल्ली, मध्य और दक्षिण दिल्ली: इन वीआईपी और रिहायशी इलाकों में भी गंभीर लू चलेगी। दिन के समय धूलभरी और शुष्क पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे धूप की तपिश और बढ़ जाएगी।

पूर्वी दिल्ली और शाहदरा: यहां भी साफ आसमान के साथ भीषण लू चलने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

NCR (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में नो रैन-ओनली हीट

दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों के लिए भी मौसम विभाग का पूर्वानुमान बेहद शुष्क और डराने वाला है:

नोएडा और गाजियाबाद: मौसम विभाग के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद में आगामी 25 मई तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आस-पास बना रहेगा।

गुरुग्राम और फरीदाबाद: हरियाणा के इन दोनों बड़े शहरों में भी गंभीर लू का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

40 किमी/घंटे की रफ़्तार से चलेंगी झुलसाने वाली हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार सिर्फ हाई टेंपरेचर ही आफत नहीं है, बल्कि दिन के समय चलने वाली हवाएं भी बदन को झुलसाएंगी। दिल्ली-एनसीआर में दिन के दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की निरंतर गति से गर्म हवाएं (लू) चलेंगी, जो बीच-बीच में 40 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ़्तार में बदल सकती हैं।

22 से 25 मई तक क्या मिलेगी राहत?

मौसम विभाग की मानें तो अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बहुत बड़ा उलटफेर नहीं होने वाला है। हालांकि, 21 मई के बाद भीषण लू की तीव्रता में मामूली गिरावट आ सकती है:

22 से 25 मई: इन चार दिनों के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर ही लू की स्थिति दर्ज की जाएगी, लेकिन गर्मी का टॉर्चर जारी रहेगा।

IMD की हेल्थ एडवाइजरी

दिल्ली-एनसीआर में पड़ रही इस भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप के संपर्क में आने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार ओआरएस (ORS), लस्सी, छाछ या आम पन्ना जैसे तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।