Heatwave Alert: चिलचिलाती धूप और पारा 45 पार…दिल्ली समेत इन राज्यों में 'हीटवेव' का अलर्ट, रात में भी सताएगी भीषण गर्मी

Delhi-NCR Heatwave Alert: दिल्ली-एनसीआर को लेकर मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यहां गर्मी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में तापमान और ऊपर जा सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अगले एक सप्ताह तक दिल्ली का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है

अपडेटेड May 18, 2026 पर 8:11 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Heatwave Alert: मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में पारा 45 के पार जाने वाला है

Delhi-NCR Heatwave Alert: दिल्ली और उसके आसपास इलाकों में गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं। दोपहर के 12 बजे के बाद से 3 बजे तक तो सड़कों पर इंसान के नामों निशान नहीं दिख रहे। देश की राजधानी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। वहीं मौसम विभाग ने इस हफ्ते दिल्ली में ‘हीटवेव’  का अलर्ट जारी किया है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान भी काफी परेशान करने वाला है। IMD की मानें तो दिल्ली को जल्द ही गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

‘हीटवेव’ का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में हीटवेव (जानलेवा लू) का प्रकोप अपने चरम पर पहुंचने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही गर्म और शुष्क मौसम का असर करीब एक हफ्ते तक बने रहने की संभावना है।


अगले सात दिन बेहद कठिन 

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और आसपास के कई क्षेत्रों में आज से लू चलने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अगले 7 दिनों तक जारी रह सकती है। अखिलेश श्रीवास्तव के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में लू का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए भी लू का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान और  पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात को भी सताएगी गर्मी 

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ इलाकों में गर्मी की स्थिति काफी गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात के समय भी तेज गर्मी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भीषण लू चल सकती है, जिसके कारण वहां भी ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी के साथ उमस भरा मौसम रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा में अगले 3 से 4 दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में 45 से पार रहेगा पारा 

दिल्ली-एनसीआर को लेकर मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यहां गर्मी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में तापमान और ऊपर जा सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अगले एक सप्ताह तक दिल्ली का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं अगले 3 दिनों में कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू चल सकती है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में होगी बारिश 

बारिश को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहेगा, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। वहीं केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने केरल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कर्नाटक में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।