Delhi PG Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में PG बिल्डिंग गिरने के बाद से राहत और बचाव अभियान लगातार चल रहा है। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कई छात्रों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मलबे में फंसे एक छात्र का कथित वीडियो सामने आया है। करीब 11 सेकंड की इस वीडियो क्लिप में छात्र खुद को रिकॉर्ड करते हुए अपने दोस्त से मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के बाद कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया। फुटेज में मलबे के नीचे फंसा एक व्यक्ति नजर आ रहा है, जिसके चेहरे पर धूल लगी हुई है और चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद वह होश में नजर आता है और कैमरा घुमाकर आसपास बिखरे मलबे को दिखाता है। बताया जा रहा कि बिल्डिंग गिरने की जानकारी मिलते ही NSUI के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान में मदद करने लगे।
दोपहर 1:30 बजे गिरी बिल्डिंग
दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के बाद राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, वहीं कुछ लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है। बताया जा रहा कि पांच मंजिला ‘हॉस्टल डेज’ बिल्डिंग करीब 1:30 बजे अचानक ढह गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत के अंदर उस समय करीब 20 से 30 छात्र मौजूद हो सकते थे। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, वहीं बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
सत्य निकेतन में अचानक इमारत गिरने की घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और वहां मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया और अपने हाथों से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। बाद में रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान तेज किया।