जन्माष्टमी पर दिल्ली के इस्कॉन मंदिर की सुरक्षा में चूक, ड्यूटी से नदारद इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

ISKCON Temple: अधिकारियों ने बताया कि निलंबित कर्मियों में वे इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं, जिन्हें मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कमिश्नर ने सभी जिला पुलिस कमिश्नरों को निर्देश दिया है कि वे संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें

अपडेटेड Aug 17, 2025 पर 8:20 AM
Story continues below Advertisement
यह कार्रवाई तब हुई जब दिल्ली के पुलिस कमिश्नर एसबी के सिंह ने खुद मंदिर का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की

Janmashtami: 16 अगस्त को देशभर में जन्माष्टमी का पर्व धूम-धाम से मनाया गया। इस बीच जन्माष्टमी के दौरान इस्कॉन मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के चलते आठ पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन निलंबित पुलिस कर्मियों में इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। यह कार्रवाई तब हुई जब दिल्ली के पुलिस कमिश्नर एसबी के सिंह ने खुद मंदिर का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

क्या थी सुरक्षा में चूक?

कमिश्नर सिंह जन्माष्टमी समारोह के मद्देनजर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए इस्कॉन मंदिर गए थे। हर साल इस उत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिसके कारण धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा लगाई गई थी। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने पाया कि मंदिर के एक अहम पॉइंट पर कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। यह देखते हुए उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की सतर्कता और तैयारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए, उन्होंने तत्काल आठ कर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को भी सख्त चेतावनी दी, जिनके अधिकार क्षेत्र में यह तैनाती की गई थी।


किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अधिकारियों ने बताया कि निलंबित कर्मियों में वे इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं, जिन्हें मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कमिश्नर ने सभी जिला पुलिस कमिश्नरों को निर्देश दिया है कि वे संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कर्मचारी अलर्ट और सक्रिय रहें।

कमिश्नर सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी बड़े त्योहार के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एस कार्रवाई के बाद इस्कॉन मंदिर में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया ताकि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभाला जा सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।