क्या राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को गिरफ्तार करेगी दिल्ली पुलिस? जबरन आकाशवाणी भवन में घुसने को लेकर FIR दर्ज

FIR against Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर सेंट्रल दिल्ली में आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन घुसने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। यह घटना मंगलवार 6 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च के दौरान हुई थी

अपडेटेड Oct 07, 2026 पर 12:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
FIR against Rahul Gandhi: राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बुधवार को FIR दर्ज की

FIR against Rahul Gandhi: दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तथा उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उनके समर्थकों और उनके साथ मौजूद अन्य सांसदों के बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने की शिकायत मिलने के बाद FIR दर्ज की गई। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, गांधी भाई-बहन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।

PTI ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि भाई-बहन के खिलाफ सरकारी इमारत में बिना इजाज़त घुसने के लिए शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मंगलवार को विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (INDIA) के निर्वाचन आयोग (ECI) के कार्यालय की ओर मार्च को रोके जाने के बाद आकाशवाणी भवन के अंदर आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत करीब 260 लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

चुनाव आयोग के खिलाफ भारी प्रदर्शन


विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वे कथित 'वोट चोरी' का मुद्दा भी उठा रहे थे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 'इंडिया' गठबंधन में शामिल दलों ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग तक मार्च करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने कहा था कि मार्च की अनुमति के लिए नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त के कार्यालय में न तो कोई आवेदन दिया गया था और न ही मार्च की अनुमति दी गई थी।

200 सांसदों ने किया मार्च

मंगलवार को INDIA ब्लॉक के करीब 200 सांसदों ने संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया था। कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में यह मार्च संसद मार्ग पर करीब 700 मीटर की दूरी तय करने के बाद आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया गया, जहां बैरिकेड्स लगाए गए थे।

इस दौरान काफी हंगामा हुआ। राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड्स के ऊपर से चढ़ गए। जब ​​पुलिस ने सांसदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू किया, तो वह सुरक्षा गार्ड से अंदर जाने की अनुमति मांगते हुए आकाशवाणी भवन में घुस गए।

आकाशवाणी भवन परिसर में रने पर बैठ गए विपक्षी नेता

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाद में आकाशवाणी भवन परिसर में भी धरने पर बैठ गए। करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लिया।

विपक्ष के साथ खड़गे का मंथन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों को दोपहर के भोज पर आमंत्रित किया है। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त और SIR में अनियमितताओं से जुड़े मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर मंथन होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- UP Shiksha Mitra: दिवाली से पहले यूपी के 1.27 लाख शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा, इस बार डबल से ज्यादा आएगी सैलरी

सूत्रों ने बताया कि जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में दोपहर करीब 1:30 बजे होने वाले इस भोज में मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विपक्षी दलों के सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का आग्रह करने वाले एक पत्र पर भी साइन कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।