दिल्ली में कोहरे और ठंड का डबल अटैक... 9 डिग्री पहुंचा पारा, जहरीली हवा से भी हाल बेहाल

आईएमडी ने सोमवार के लिए हल्के कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में तापमान बड़ी तेजी से गिरता हुआ नजर आ रहा है

अपडेटेड Nov 16, 2025 पर 11:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली-NCR में ठंड लगातार बढ़ने लगी है।

दिल्ली-NCR में ठंड लगातार बढ़ने लगी है। सुबह और शाम को दिन के बजाय ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है। वहीं दिल्ली में रविवार का दिन इस साल नवंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम होकर 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले तीन सालों में नवंबर का सबसे कम तापमान है। पीटीआई के मुताबिक, इससे पहले नवंबर का इतना ठंडा दिन 29 नवंबर 2022 को आया था, जब तापमान 7.3 डिग्री दर्ज हुआ था। 2023 में नवंबर का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, और 2024 में 9.5 डिग्री तक गिरा था।

दिल्ली में  आने वाला मौसम

आईएमडी ने सोमवार के लिए हल्के कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में तापमान बड़ी तेजी से गिरता हुआ नजर आ रहा है। 16 नवंबर से लेकर लगभग 19 नवंबर के बीच दिल्ली एनसीआर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।


वहीं रविवार की सुबह दिल्ली एक बार फिर घनी धुंध और प्रदूषण की चादर में ढकी नजर आई। शहर का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 377 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। CPCB के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, शहर के 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 11 स्टेशनों पर AQI 400 से भी ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली की जहरीली हवा पर सख्ती, GRAP-III लागू

राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे दिल्ली में GRAP-III लागू कर दिया है। इसका मकसद निर्माण कार्य, वाहनों की आवाजाही और औद्योगिक गतिविधियों पर कड़े नियंत्रण के जरिए प्रदूषण को कम करना है।

GRAP-III में क्या-क्या बंद?

  • गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर रोक
  • BS-III पेट्रोल और BS-IV डीज़ल वाली कारों की आवाजाही पर प्रतिबंध
  • कक्षा 5 तक के स्कूल बंद, बच्चों के लिए ऑनलाइन/हाइब्रिड क्लासेस
  • गैर-स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उद्योगों पर कार्रवाई
  • गैर-आपातकालीन डीज़ल जनरेटर सेटों का उपयोग बंद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।