दिल्ली के रोहिणी में प्रॉपर्टी डीलर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ₹3 करोड़ की रंगदारी न देने पर 'परिवार' को दी खत्म करने की धमकी

Rohini Gunfire: धमकी भरे मैसेज में कहा गया, 'अभी तो सिर्फ नई गाड़ी पर गोलियां चलाई हैं, अगर ₹3 करोड़ का इंतजाम नहीं हुआ, तो अगली बार निशाना तुम्हारी पत्नी और बच्चे होंगे।' कारोबारी ने बताया कि उन्हें 26 से 29 दिसंबर के बीच भी एक अज्ञात गैंगस्टर के नाम से रंगदारी के फोन आए थे, लेकिन उन्होंने डर के मारे तब पुलिस को जानकारी नहीं दी थी

अपडेटेड Jan 03, 2026 पर 1:48 PM
Story continues below Advertisement
फायरिंग के तुरंत बाद कारोबारी को एक इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप वॉयस मैसेज मिला, जिसने परिवार की नींद उड़ा दी है

Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर गैंगस्टरों के खौफ से दहल उठी है। रोहिणी सेक्टर-24 में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर खड़ी उनकी लग्जरी SUV कार को गोलियों से छलनी कर दिया। बदमाशों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की और वारदात के बाद व्यापारी को वॉयस मैसेज भेजकर चेतावनी दी कि अगर ₹3 करोड़ नहीं दिए, तो अगला नंबर उनके परिवार का होगा।

दनादन फायर की 30 गोलियां

घटना शुक्रवार शाम करीब 5:23 बजे की है, जब रोहिणी निवासी कारोबारी के घर के बाहर सन्नाटा गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। एक मोटरसाइकिल पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी की नीले रंग की टोयोटा इनोवा को निशाना बनाया।बदमाशों ने अंधाधुंध 30 गोलियां चलाईं, जिससे गाड़ी का विंडशील्ड और बॉडी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस वक्त गाड़ी के अंदर या पास कोई मौजूद नहीं था। बेगमपुर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर बड़ी संख्या में खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।


'अगला नंबर बीवी-बच्चों का'

फायरिंग के तुरंत बाद कारोबारी को एक इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप वॉयस मैसेज मिला, जिसने परिवार की नींद उड़ा दी है। धमकी भरे मैसेज में कहा गया, 'अभी तो सिर्फ नई गाड़ी पर गोलियां चलाई हैं, अगर ₹3 करोड़ का इंतजाम नहीं हुआ, तो अगली बार निशाना तुम्हारी पत्नी और बच्चे होंगे।' कारोबारी ने बताया कि उन्हें 26 से 29 दिसंबर के बीच भी एक अज्ञात गैंगस्टर के नाम से रंगदारी के फोन आए थे, लेकिन उन्होंने डर के मारे तब पुलिस को जानकारी नहीं दी थी।

क्या 'हिमांशु भाऊ' गैंग की हो गई है वापसी?

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिले है। जिस तरह से सरेआम भारी संख्या में गोलियां चलाई गईं, वह अमेरिका में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के सिंडिकेट के काम करने के तरीके से मेल खाता है। पुलिस को शक है कि भाऊ गैंग ने एक बार फिर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हालांकि, इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं कोई स्थानीय छोटा गैंग 'भाऊ' का नाम इस्तेमाल करके डराने की कोशिश तो नहीं कर रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।