Air India Flight : अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी खराबी के लेकर लगातार खबरें आ रही हैं। इसी बीच सोमवार शाम दिल्ली से रांची जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI 9695 में एक अनाउंसमेंट हुई। रांची में लैंडिंग से ठीक पहले लोगों को यह बताया गया कि यह प्लेन वापस दिल्ली जा रहा है। बता दें कि यह विमान सोमवार शाम 4:25 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और इसे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शाम 6:20 बजे लैंड करना था।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि उड़ान के दौरान एक संभावित तकनीकी समस्या के कारण उसका एक विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौट आया। जांच और अनुमति मिलने के बाद विमान ने अपनी यात्रा दोबारा शुरू की। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा, "हमारा एक विमान संभावित तकनीकी खराबी के कारण उड़ान के बाद दिल्ली लौट आया। जांच और मंजूरी के बाद उसने फिर से संचालन शुरू कर दिया। इस असुविधा के लिए हमें खेद है।"
हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट में भी आई थी खामी
आज सुबह हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI315 को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही तकनीकी समस्या के कारण वापस लौटना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित हो रही थी। पायलट को कुछ गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके बाद एहतियातन वापसी का फैसला लिया गया। एक अलग मामले में, चेन्नई जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट को भी 15 जून, रविवार को बीच रास्ते से लंदन लौटना पड़ा। विमान ने दोपहर 1:16 बजे लंदन हीथ्रो से उड़ान भरी थी और सुबह 3:30 बजे चेन्नई पहुंचने वाला था। लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते इसे वापस लाया गया। यह विमान भी बोइंग ड्रीमलाइनर था।
इसके अलावा, जर्मनी से हैदराबाद जा रही लुफ्थांसा की फ्लाइट LH 752 को उस समय वापस भेजना पड़ा जब बम की धमकी मिली। हैदराबाद एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, यह धमकी 15 जून को शाम 6:01 बजे ईमेल के ज़रिए दी गई थी, उस वक्त विमान अभी भारतीय हवाई क्षेत्र में नहीं पहुंचा था। धमकी मिलते ही एक विशेष जांच टीम बनाई गई और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।