दिल्ली में 26 जनवरी से पहले बड़ी साजिश नाकाम, नकली एंबेसी कार के साथ महिला गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने महिला के पास से फर्जी दूतावास जैसी नंबर प्लेट, कार, उससे जुड़े दस्तावेज़ और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 9:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस यह जांच कर रही है कि उसने यह सब अकेले किया या किसी और की मदद ली थी

गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वसंत विहार इलाके से 45 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह विदेशी दूतावास जैसी दिखने वाली फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एंटी-एक्सटॉर्शन और किडनैपिंग सेल को मिली खुफिया सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और महिला को उस वक्त पकड़ा, जब वह नकली डिप्लोमैटिक स्टाइल नंबर प्लेट लगी इनोवा कार चला रही थी।

जब पुलिस ने महिला को रोका, तो उसने कहा कि यह गाड़ी एक डिप्लोमैटिक मिशन की है। लेकिन वह अपने दावे के समर्थन में कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी। बाद में पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि उसने फर्जी नंबर प्लेट इसलिए बनवाई थी, ताकि वह सामान्य पुलिस जांच से बच सके और प्रतिबंधित व हाई-सिक्योरिटी डिप्लोमैटिक इलाकों में आसानी से प्रवेश कर सके।

पुलिस अधिकारियों ने महिला के पास से फर्जी दूतावास जैसी नंबर प्लेट, कार, उससे जुड़े दस्तावेज़ और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि उसने यह सब अकेले किया या किसी और की मदद ली थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस गाड़ी का इस्तेमाल किसी और गैर-कानूनी काम में तो नहीं हुआ।


यह मामला राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में हुई एक कार ब्लास्ट की घटना के कुछ हफ्तों बाद सामने आया है। उस घटना में लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर एक i20 कार में धमाका हुआ था। इस केस में पुलिस अब तक कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।