अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप इन दिनों भारत दौरे को लेकर चर्चा में हैं। ट्रिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति के साथ आगरा पहुंची। यहां उन्होंने ताजमहल का दीदार किया। वह शाम को सूर्यास्त के समय ताजमहल देखने वाली थीं, लेकिन दोपहर में ही उन्होंने ताज़ देखा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। दोनों नई दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगरा आए और विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दर्शन किया।
ताजमहल पहुंची टिफनी ट्रंप
टिफनी ट्रंप और माइकल बोलस ने करीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में समय बिताया। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्मारक की खूबसूरत वास्तुकला और इसके इतिहास को करीब से देखा। ताजमहल भारत के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है और इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में टिफनी ट्रंप और माइकल बोलस को ताजमहल में घुमते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान दोनों ने मुगलकालीन इस शानदार स्मारक की भव्यता का आनंद लिया और इसके ऐतिहासिक महत्व के बारे में भी जानकारी ली।
अक्षरधाम मंदिर में भी किया दर्शन
ताजमहल पहुंचने से पहले टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलस ने नई दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का भी दौरा किया। इसके बाद टिफनी ने सोशल मीडिया पर मंदिर की कुछ तस्वीरें साझा कीं और अपने अनुभव को "बेहद खास और यादगार" बताया। बीएपीएस स्वामीनारायण अक्षरधाम प्रशासन ने भी उनके दौरे की पुष्टि की। संस्था ने कहा कि टिफ़नी ट्रंप, माइकल बोलस और उनके साथ आए मेहमानों का स्वागत करना उनके लिए गर्व की बात थी। इस दौरान उन्हें भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित कराया गया। भारत पहुंचने पर अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने इस दंपति का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "भारत में आपका स्वागत है!"
टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलस इन दिनों भारत के निजी दौरे पर हैं। उनकी यात्रा में राजस्थान के जैसलमेर समेत कई अन्य पर्यटन स्थलों का दौरा भी शामिल हो सकता है। टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मैपल्स की बेटी हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने अमेरिकी-लेबनानी कारोबारी माइकल बोलस से शादी की। टिफ़नी और माइकल अक्सर अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और सामाजिक कार्यक्रमों में साथ नजर आते हैं। भारत दौरे के दौरान भी दोनों देश की संस्कृति, विरासत और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को करीब से देख रहे हैं।