Dussehra 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (2 अक्टूबर) शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आईपी एक्सटेंशन रामलीला समिति की तरफ से आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल किला मैदान स्थित माधवदास पार्क जाएंगी, जहां श्री धार्मिक रामलीला समिति द्वारा दशहरा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी की दिल्ली के दशहरा मैदानों की यात्रा से पहले गुरुवार को पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों से करीब 20,000 कर्मियों की तैनाती के साथ सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू लाल किला मैदान स्थित माधवदास पार्क जाएंगी। यहां श्री धार्मिक रामलीला समिति द्वारा दशहरा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पीएम मोदी पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज में आईपी एक्सटेंशन रामलीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा समारोह में भाग लेंगे। उनका शाम करीब छह बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
पिछले साल पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के मैदान में लव कुश रामलीला में भाग लिया था। यहां उन्होंने रावण, मेघनाथ और कुम्भकर्ण के पुतलों को जलाने के लिए तीर चलाया था। उस दौरान पीएम मोदी ने इस त्योहार के साहस, शांति और सत्य की जीत के शाश्वत संदेश पर जोर दिया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "रामलीला मैदान में बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है और जानबूझकर नुकसान पहुंचाने या बाधा डालने वाली गतिविधियों की जांच के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। त्वरित प्रतिक्रिया दल, ‘स्वाट’ कमांडो और सादे कपड़ों में कर्मियों को भी तैनात किया गया है।"
उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर और चौकियां स्थापित की गई हैं और बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख रामलीला मैदानों में इमरजेंसी मेडिकल सेवाएं और दमकलकर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली के सभी पंडालों में सुरक्षा-व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक, विजयादशमी का त्योहार हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में रावण दहन तथा दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाने वाला यह पर्व भारत के जीवन-मूल्यों को दर्शाता है।"