इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर बड़ा हमला किया। जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं और कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया। वहीं मध्य पूर्व में तेजी से बढ़ते तनाव के बीच भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक बातचीत के दौरान ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से फोन पर चर्चा की। एस. जयशंकर ने इजरायल के विदेश मंत्री से भी फोन पर बात की है।
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायल और ईरान दोनों के विदेश मंत्रियों से फोन पर बात की। उन्होंनें दोनों से तनाव कम करने और कूटनीति पर जोर देने की अपील की। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस बातचीत में एस जयशंकर ने क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात को लेकर भारत की गहरी चिंता व्यक्त की और सभी पक्षों से संयम बरतने तथा जल्द से जल्द तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। यह संवाद ऐसे समय में हुआ है जब ईरान, इजरायल और उनके सहयोगी देशों के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल ही में हुए घटनाक्रमों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इजराइल-ईरान जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं। इजरायल ने शनिवार दोपहर ईरान पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमला कर दिया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमला किया है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ। एहतियातन बुर्ज खलीफा को खाली करा दिया गया और उसकी लाइट्स बंद कर दी गईं। हमले के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया।