Betting App Case: तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती सोमवार को एक कथित अवैध बेटिंग एप से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए ED के सामने पेश हुईं। ED एक अवैध बेटिंग एप 1xBet से संबंधित मामलों की जांच कर रहा है। जांच एजेंसी ने रविवार को उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती दोनों को समन जारी किया था। जहां मिमी चक्रवर्ती आज पूछताछ के लिए आईं, वहीं उर्वशी रौतेला को मंगलवार को पेश होने के लिए कहा गया है।
क्यों हो रही है मिमी चक्रवर्ती से पूछताछ?
36 वर्षीय मिमी चक्रवर्ती का बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज किया जा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, ED मिमी चक्रवर्ती से बेटिंग एप के साथ उनके संबंधों, उनके द्वारा किए गए एंडोर्समेंट और वित्तीय लेनदेन के बारे में पूछताछ कर रहा है। ED कई अवैध बेटिंग एप से जुड़े मामलों की जांच कर रहा है, जिन्होंने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है या बड़ी मात्रा में टैक्स की चोरी की है। इस मामले में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पहले पूछताछ की जा चुकी है। 4 सितंबर को धवन से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी।
पूछताछ के दायरे में कई मशहूर हस्तियां
रिपोर्ट के अनुसार, ED द्वारा बेटिंग एप्स से उनके संबंधों को समझने, एंडोर्समेंट फीस और उनके बीच कम्युनिकेशन के तरीके को जानने के लिए कई मशहूर हस्तियों को समन जारी किया जा रहा है। गौरतलब है कि उर्वशी रौतेला 1xBet की भारतीय ब्रांड एंबेसडर हैं। आपको बता दें कि हाल ही में केंद्र सरकार ने रियल-मनी ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। PTI की एक रिपोर्ट में बाजार विश्लेषण फर्मों और जांच एजेंसियों के अनुमानों का हवाला दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि ऐसे विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग एप्स पर लगभग 22 करोड़ भारतीय यूजर्स हैं, जिनमें से लगभग आधे रेगुलर एक्टिव यूजर हैं।