Fire in Radisson Blu Hotel: दिल्ली के द्वारका में रेडिसन ब्लू होटल के सॉना रूम में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया काबू

आग की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। सहायक मंडल अधिकारी रवि नाथ ने एएनआई को बताया कि आग अब बुझ चुकी है और कोई भी घायल नहीं हुआ है

अपडेटेड Jul 13, 2025 पर 9:22 AM
Story continues below Advertisement
अधिकारियों ने बताया कि आग होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित सॉना रूम में लगी

Radisson Blu Hotel Fire: द्वारका के रेडिसन ब्लू होटल में रविवार सुबह तड़के आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित सॉना रूम में लगी। अच्छी खबर यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अग्निशमन विभाग को रात करीब 12:17 बजे होटल में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। सहायक मंडल अधिकारी रवि नाथ ने एएनआई को बताया कि आग अब बुझ चुकी है और कोई भी घायल नहीं हुआ है।

पिछले 24 घंटे में दिल्ली में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना द्वारका के रेडिसन ब्लू होटल में हुई, जबकि दूसरी घटना कल पुरानी दिल्ली के सदर बाजार में हुई थी।

सदर बाजार में भी लगी थी भीषण आग


शनिवार को पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले सदर बाजार में एक तीन मंजिला बिल्डिंग की पहली मंजिल पर स्थित एक दुकान में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इस ऑपरेशन के दौरान एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय तोमर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें दोपहर 3:49 बजे कॉल मिली थी। बाजार में भीड़ और आसपास कई दुकानें होने के कारण आग की श्रेणी को बढ़ा दिया गया था। आग तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। उन्होंने बताया कि एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है और फिलहाल किसी अन्य चोट की कोई जानकारी नहीं है। सदर बाजार में लगी आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।