बिहार के औरंगाबाद जिले में एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। औरंगाबाद जिले में चार लड़कियों की कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके माता-पिता ने उन्हें लड़कों के साथ घूमने को लेकर डांटा था, जिसके बाद यह दुखद घटना हुई। यह मामला 29 जनवरी का है और हसपुरा थाना क्षेत्र की एक दलित बस्ती का बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ा खुलासा किया है।
पांचों लड़कियों ने खाया जहर
जानकारी के अनुसार, 10 से 14 साल की पांच लड़कियों ने एक साथ खेत में जाकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। इनमें से चार लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की बच गई। बची हुई लड़की ने बाद में अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने किया ये बड़ा खुलासा
औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल ने बताया, “बची हुई लड़की के बयान के मुताबिक, परिवार वालों ने उन्हें लड़कों के एक समूह के साथ घूमने पर डांटा था। इसके बाद उन्होंने ज़हरीला पदार्थ खाने का फैसला किया।” दाउदनगर के एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया, “फिलहाल हमारे पास सिर्फ बची हुई लड़की का बयान है। अभी तक हमें इस घटना में किसी और व्यक्ति की संलिप्तता के सबूत नहीं मिले हैं।” पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
चारों लड़कियों का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को ही कर दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को इस घटना की जानकारी दो दिन बाद मिली। मृत लड़कियों में से एक के परिजनों ने पत्रकारों को बताया कि बच्चियां घर से खेलने के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद गांव के लोगों ने आकर सूचना दी कि उनकी बेटियां पास के एक खेत में एक साथ मृत हालत में पड़ी मिली हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।