तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी में चुनाव प्रचार चरम पर है। पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 4 मई को आएंगे। इन राज्यों में सभी राजनितिक पार्टी वोटरों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वबीं तमिलनाडु में रेफ्रिजरेटर से लेकर कैश कूपन तक दिए जा रहे हैं। AIADMK ने 2.22 करोड़ चावल राशन कार्ड धारकों को रेफ्रिजरेटर देने का वादा किया है। पार्टी के घोषणा पत्र में 10 हजार रुपये कैश और महिलाओं के साथ पुरुषों की मुफ्त बस यात्रा भी शामिल है।
तमिलनाडु चुनाव में सत्तारूढ़ DMK सरकार पहले ही 1.37 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दे रही है। नए घोषणापत्र में इसे बढ़ाकर 2000 रुपये का वादा किया गया है। चुनाव जीतने पर हर परिवार को 8000 रुपये का कूपन देने की घोषणा भी की गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन के अलावा विधवाओं और 50 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये की पेंशन का वादा है। विदियाल पयानम स्कीम के तहत महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा जारी रहेगी।
‘इल्लाथरासी’ कूपन योजना क्या है?
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए खास “इल्लाथरासी” कूपन योजना की घोषणा की गई है। इस योजना के तहत उन परिवारों की महिलाओं को फायदा मिलेगा, जो इनकम टैक्स के दायरे में नहीं आती हैं। इस योजना में पात्र महिलाओं को एक बार में 8,000 रुपये का कूपन दिया जाएगा। इस कूपन का इस्तेमाल घर के इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन, मिक्सी, माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन चूल्हा खरीदने या बदलने के लिए किया जा सकेगा। ‘इल्लाथरासी’ का मतलब होता है “घर की रानी”, यानी परिवार की मुखिया महिला। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस योजना के जरिए अपने “प्रतिस्पर्धी कल्याण” मॉडल को सीधे तौर पर एआईएडीएमके की “फ्री फ्रिज” जैसी योजनाओं के मुकाबले खड़ा कर दिया है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के घोषणापत्र जारी होने के कुछ ही घंटों बाद एआईएडीएमके ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। पार्टी के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर आरोप लगाया कि उन्होंने एआईएडीएमके के कई चुनावी वादों की नकल करके उन्हें अपने घोषणापत्र में शामिल कर लिया है। तिरुनेलवेली में एनडीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि 8,000 रुपये के कूपन की योजना का मकसद घरेलू सामान बनाने वाली कंपनियों से कमीशन लेना हो सकता है।
एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा, “हमारे वादों में से एक था कि राज्य की महिलाओं को उनके बैंक खाते में 10,000 रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाएगी, लेकिन एम. के. स्टालिन ने इसकी नकल कर ली।” उन्होंने आरोप लगाया कि अगर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की सरकार दोबारा बनती है, तो कूपन योजना लागू करते समय पार्टी के लोग टोकन जारी करेंगे और कमीशन के कारण लोगों को कुछ खास कंपनियों से ही सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जा सकता है।
चेन्नई में बातचीत के दौरान पलानीस्वामी ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए एआईएडीएमके के घोषणापत्र के प्रमुख वादों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो पुरुषों के लिए शहर की बसों में मुफ्त यात्रा होगी, राशन कार्ड धारकों को फ्रिज दिए जाएंगे, मुफ्त दाल और तेल मिलेगा, और महिलाओं को ‘अम्मा टू-व्हीलर योजना’ के तहत 25,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
अन्य योजनाओं को जारी रखने का वादा
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए चल रही कई योजनाओं को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। इनमें ‘कलाईनार मगलीर उरिमाई योजना’ का विस्तार भी शामिल है। इस योजना के तहत अभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का वादा किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने मुख्यमंत्री नाश्ता योजना को बढ़ाकर 8वीं कक्षा तक लागू करने की बात कही है। इसके अलावा, छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रति माह करने का वादा किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े बदलाव का वादा किया गया है। घोषणापत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना आय सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया जाएगा और बीमा कवर को बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक किया जाएगा। इसके साथ ही, सरकारी अस्पतालों में—जिला और मंडल स्तर तक—डायलिसिस के लिए जरूरी मशीनों और सुविधाओं की संख्या को दोगुना करने की भी बात कही गई है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया है—मुफ़्त बिजली का लाभ ले रहे 20 लाख से ज्यादा किसानों को बिना मीटर के आधुनिक इलेक्ट्रिक पंप सेट मुफ्त दिए जाएंगे। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के प्रमुख एम. के. स्टालिन ने यह भी वादा किया कि धान की खरीद कीमत बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने की कीमत बढ़ाकर 4,500 रुपये प्रति टन कर दी जाएगी।