Goa Nightclub Fire Case: थाईलैंड में डिटेन हुए लूथरा ब्रदर्स, आग लगने के बाद भाग गए थे फुकेत, MEA ने सस्पेंड कर दिए है पासपोर्ट

Goa Nightclub Fire Case: अधिकारियों ने पुष्टि की कि उन्होंने 7 दिसंबर को देर रात 1:17 बजे MakeMyTrip ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए थे। इस समय गोवा पुलिस और अग्निशमन टीम नाइट क्लब में आग बुझा रहे थे। इमिग्रेशन रिकॉर्ड से पता चलता है कि दोनों भाई दिल्ली से सुबह 5:30 बजे इंडिगो की उड़ान 6E 1073 से फुकेत के लिए रवाना हुए थे

अपडेटेड Dec 11, 2025 पर 10:16 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विदेश मंत्रालय ने गोवा पुलिस के अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के पासपोर्ट निलंबित कर दिए है

Goa Nightclub Fire: गोवा में 'बर्च बाई रोमियो लेन' नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। भीषण आगजनी में कम से कम 25 लोगों की मौत के बाद, विदेश मंत्रालय (MEA) ने गोवा पुलिस के अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के पासपोर्ट निलंबित कर दिए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, MEA के इस कदम से थाईलैंड भागे दोनों भाई अब फुकेत से आगे किसी अन्य देश की यात्रा नहीं कर पाएंगे।

लेटेस्ट जानकारी के मुताबिक, 'बर्च बाई रोमियो लेन' नाइट क्लब के सह-मालिक, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को भारतीय टीम ने थाईलैंड में हिरासत में ले लिया है। ये दोनों भाई आग लगने के कुछ ही घंटों बाद देश छोड़कर भाग गए थे, जिसके बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ 'ब्लू कॉर्नर नोटिस' जारी किया था और भारत सरकार ने उनके पासपोर्ट निलंबित कर दिए थे।

आग लगते ही बुक किया फुकेत का टिकट


पुलिस अधिकारियों ने लूथरा ब्रदर्स के भागने की टाइमलाइन की पुष्टि की है, जो उनकी सुनियोजित फरारी की ओर इशारा करती है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि उन्होंने 7 दिसंबर को देर रात 1:17 बजे MakeMyTrip ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए थे। इस समय गोवा पुलिस और अग्निशमन टीम नाइट क्लब में आग बुझा रहे थे और बचाव कार्य में जुटे हुए थे। इमिग्रेशन रिकॉर्ड से पता चलता है कि दोनों भाई दिल्ली से सुबह 5:30 बजे इंडिगो की उड़ान 6E 1073 से फुकेत के लिए रवाना हुए थे।

दिल्ली कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम राहत

फरार होने के बावजूद, लूथरा बंधुओं ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया था, लेकिन उन्हें दिल्ली की रोहिणी कोर्ट से राहत नहीं मिली। लूथरा ब्रदर्स ने बुधवार को रोहिणी कोर्ट में मेडिकल आधार पर चार सप्ताह की अग्रिम जमानत की मांग की और अदालत से कहा, 'हम भी पीड़ित हैं।' बेंच ने उनकी याचिका पर सुनवाई शुरू की, लेकिन उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले को अब शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया है।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अग्रिम जमानत याचिका का विरोध किया और कहा कि उन्हें याचिका केवल सुबह 10 बजे मिली थी और मामला सुनवाई के लिए 'उपयुक्त नहीं' था।

जल्द ही थाईलैंड रवाना होगी गोवा पुलिस टीम

पासपोर्ट निलंबित होने और अग्रिम जमानत न मिलने से अब लूथरा बंधुओं पर शिकंजा कस गया है। गोवा सरकार पहले ही पुष्टि कर चुकी है कि उन्हें वापस लाने के लिए एक पुलिस टीम जल्द ही थाईलैंड भेजी जाएगी। इस बीच नाइट क्लब के पांच अन्य कर्मचारियों चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियानशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।