अब गोवा में भी चलेगी वॉटर मेट्रो, 2000 करोड़ का मेगा प्लान, बदलेगा टूरिज्म का अंदाज और मिलेगा मैरीटाइम प्रोजेक्ट्स का तोहफा

गोवा के पर्यटन और बुनियादी ढांचे को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने गोवा के मैरीटाइम सेक्टर (समुद्री क्षेत्र) को बढ़ावा देने और वहां एक अत्याधुनिक वॉटर मेट्रो सिस्टम शुरू करने के लिए 2000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की योजना तैयार की है।

अपडेटेड Jun 26, 2026 पर 4:09 PM
गोवा में जल्द मिलेगा वॉटर मेट्रो का सफर

पणजी: गोवा के पर्यटन और बुनियादी ढांचे को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने गोवा के मैरीटाइम सेक्टर (समुद्री क्षेत्र) को बढ़ावा देने और वहां एक अत्याधुनिक वॉटर मेट्रो सिस्टम शुरू करने के लिए 2000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की योजना तैयार की है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को गोवा में इस बड़े मेगा प्लान का ऐलान किया है।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने क्या बड़े ऐलान किए?

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उपस्थिति में नए कैप्टन ऑफ पोर्ट्स भवन का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इस बड़े प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि 'मैं विशेष रूप से गोवा सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमारे मंत्रालय की तरफ से हमने आने वाले दिनों में गोवा में मैरीटाइम सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 2000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लाने का फैसला किया है।'


गोवा में वॉटर मेट्रो को लेकर क्या है तैयारी?

गोवा आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के सफर को और अधिक सुगम व आधुनिक बनाने के लिए सरकार की योजना राज्य में वॉटर मेट्रो सिस्टम शुरू करने की है। सोनोवाल ने बताया कि सरकार लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोवा में वॉटर मेट्रो सिस्टम शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा उद्घाटन किए गए नए कैप्टन ऑफ पोर्ट्स भवन को केंद्रीय मंत्री ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस भवन के डिजाइन को बेहद सोच-समझकर जहाजों से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। यह नया भवन गोवा के समृद्ध इतिहास और उसकी समुद्री विरासत को दर्शाता है।

विकास भी, विरासत भी के दृष्टिकोण पर काम

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पहल के जरिए सरकार ने गोवा की समुद्री विरासत को संरक्षित करने और उसे बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम उठाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है जिसमें वो हमेशा कहते हैं कि विकास भी, विरासत भी यानी विकास के साथ-साथ विरासत का भी संरक्षण।

यह भी पढ़ें: Vande Bharat Express Best Routes: भारत के ये 5 वंदे भारत रूट्स जिन्होंने बदल दिया रेलवे सफर का अंदाज, देखें पूरी लिस्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।