Gold Video: पहले करीबी के पास से 4 किलो फिर लॉकर में से मिले 3 किलो, इस TMC नेता के पास क्या सोने की खदान थी!

Gold Video: बिधाननगर पुलिस ने नदिया जिले में सव्यसाची दत्ता की करीबी सहयोगी मानी जाने वाली टीएमसी नेता टीना भौमिक साहा के घर पर छापेमारी कर करीब 3 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 4.39 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है

अपडेटेड Jun 23, 2026 पर 4:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gold Video: गिरफ्तार TMC नेता सव्यसाची दत्ता के करीबी सहयोगी के घर से 4 करोड़ रुपये के सोने के गहने ज़ब्त किए गए।

Gold Video: पश्चिम बंगाल के पूर्व बिधाननगर मेयर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व नेता सव्यसाची दत्ता के खिलाफ चल रही कथित अवैध संपत्ति और रंगदारी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। बिधाननगर पुलिस ने नदिया जिले में दत्ता की करीबी सहयोगी मानी जाने वाली टीएमसी नेता टीना भौमिक साहा के घर पर छापेमारी कर करीब 3 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 4.39 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सव्यसाची दत्ता से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सुरागों के आधार पर की गई। सोमवार 22 जून की देर रात बिधाननगर पुलिस की एक विशेष टीम ने नदिया जिले के तेहट्टा स्थित टीना भौमिक साहा के आवास पर छापा मारा। तलाशी अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया।

सव्यसाची दत्ता पर पहले भी लग चुके हैं कई आरोप


सूत्रों का कहना है कि पुलिस छापेमारी के दौरान सव्यसाची दत्ता को भी अपने साथ लेकर गई थी। ताकि बरामद संपत्तियों और उनसे जुड़े तथ्यों का मौके पर सत्यापन किया जा सके। इससे पहले इसी महीने सव्यसाची दत्ता को कथित रंगदारी, आय से अधिक संपत्ति और अवैध तरीके से धन अर्जित करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों ने उनके राजारहाट स्थित फ्लैट और विभिन्न बैंक लॉकरों की तलाशी ली थी। इस दौरान करीब 3.5 किलोग्राम सोना, सोने की खरीद से जुड़े दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण वित्तीय रिकॉर्ड बरामद हुए थे।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच के दौरान ऐसे संकेत मिले हैं कि बड़ी मात्रा में सोना कथित तौर पर बेहिसाब धन से खरीदा गया था। इसके अलावा यह भी आशंका जताई जा रही है कि सव्यसाची दत्ता ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कुछ करीबी सहयोगियों और परिचितों के नाम पर भी सोने और अन्य संपत्तियों में निवेश कराया हो सकता है।

टीना भौमिक साहा पर नजर

इसी कड़ी में जांच एजेंसियों की नजर टीना भौमिक साहा पर गई। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा, जहां से करोड़ों रुपये का सोना बरामद हुआ। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद सोना किस स्रोत से खरीदा गया, इसके लिए धन कहां से आया और क्या इसका संबंध सव्यसाची दत्ता के कथित अवैध वित्तीय नेटवर्क से है।

पुलिस वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और संपत्तियों के दस्तावेजों की भी गहन जांच कर रही है। इस बरामदगी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। यदि सोने और अन्य संपत्तियों का संबंध अवैध धन से साबित होता है तो मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

ये भी पढ़ें- Monsoon Hits Mumbai: धुआंधार बारिश के साथ मानसून ने 23 जून को मुंबई में कर ली एंट्री, IMD ने अब अगले 3-4 दिनों के लिए किया ये ऐलान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।