Monsoon Hits Mumbai: धुआंधार बारिश के साथ मानसून ने 23 जून को मुंबई में कर ली एंट्री, IMD ने अब अगले 3-4 दिनों के लिए किया ये ऐलान

Monsoon Hits Mumbai: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई में मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा भी कर दी है। मुंबई में एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने देश के कई अन्य राज्यों में मानसून के आगे बढ़ने और अगले 3-4 दिनों के लिए भारी बारिश और लू को लेकर बड़ा ऐलान किया है

अपडेटेड Jun 23, 2026 पर 3:55 PM
Monsoon Hits Mumbai: अगले 3-4 दिनों के लिए भारी बारिश और लू को लेकर बड़ा अलर्ट जारी हुआ है

Monsoon Hits Mumbai Today 23 June: मुंबईकरों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। चिलचिलाती गर्मी और उमस के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने आज 23 जून को बारिश के साथ धमाकेदार एंट्री कर ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई में मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा भी कर दी है। मुंबई में एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने देश के कई अन्य राज्यों में मानसून के आगे बढ़ने और अगले 3-4 दिनों के लिए भारी बारिश और लू को लेकर बड़ा ऐलान किया है। आइए जानते हैं मौसम विभाग का लेटेस्ट बुलेटिन क्या कहता है।

मुंबई समेत इन इलाकों में आगे बढ़ा मानसून

IMD के ताजा अपडेट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज अपनी रफ्तार बढ़ाते हुए देश के कई हिस्सों को कवर कर लिया है। 23 जून को मानसून मध्य अरब सागर के बचे हुए हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और इलाकों, तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में सफलतापूर्वक आगे बढ़ गया है। मानसून की उत्तरी सीमा दहानू, वर्धा, रायपुर, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है।


अगले 3-4 दिनों के लिए मौसम विभाग का बड़ा ऐलान

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने का सटीक अनुमान जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून के उत्तरी अरब सागर, गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और इलाकों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसके बाद के 3-4 दिनों के भीतर मानसून झारखंड और बिहार के बाकी बचे हिस्सों को कवर कर लेगा। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून की एंट्री होने की पूरी संभावना है।

इस सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह देश के कई हिस्सों में 7 से 20 सेमी तक भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। विशेष रूप से पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत के राज्य, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश

बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी): गोवा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश (7-11 सेमी): ओडिशा, झारखंड, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।

धूल भरी आंधी और तूफान की भी चेतावनी

बारिश के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में तेज रफ्तार हवाओं और आंधी-तूफान का दौर देखा गया है और आगे भी अलर्ट है:-

ओडिशा, पूर्वी एवं पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 61-80 किमी/घंटा की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं और आंधी दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, विदर्भ, गुजरात क्षेत्र, झारखंड, सौराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़ और कोंकण में 40-60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलीं।

एक तरफ बारिश तो दूसरी तरफ लू का टॉर्चर

अजीबोगरीब मौसम के बीच जहां एक तरफ देश का बड़ा हिस्सा मानसून से भीग रहा है, वहीं कुछ राज्यों में अभी भी सूरज की तपिश और लू का प्रकोप जारी रहेगा-

पूर्वी उत्तर प्रदेश: यहां अगले 4-5 दिनों तक लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है।

विदर्भ, मध्य प्रदेश और बिहार: विदर्भ (महाराष्ट्र), दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक भीषण लू की स्थिति रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में विदर्भ में भीषण लू और पूर्वी यूपी व तेलंगाना में भी लू का असर देखा गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।