Gorakhpur murder case: उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुधवार (17 सितंबर) को गोरखपुर के एक गांव में 19 वर्षीय NEET छात्र दीपक गुप्ता की दुखद हत्या के सिलसिले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रहीम के रूप में हुई है। कुशीनगर पुलिस और पिपराइच थाने की संयुक्त कार्रवाई में रामकोला क्षेत्र के मिश्रौली गांव में बुधवार दोपहर एक बजे हुई मुठभेड़ में रहीम को गिरफ्तार किया गया। रहीम की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है।
पुलिस ने बताया कि अभी इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश में व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को एनकाउंटर के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने से रहीम घायल हो गया। गोरखपुर पुलिस ने मौके से पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद की है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, रहीम पटहेरवा क्षेत्र के कूचिया गांव का रहने वाला है। वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पिपराइच थानाक्षेत्र के मऊआचापी गांव में 15 सितंबर को देर रात ग्रामीणों के साथ झड़प के दौरान पशु तस्करों ने युवक की हत्या कर दी। मंगलवार देर शाम जंगल धूसर पुलिस चौकी के प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान दीपक कुमार गुप्ता (20) के रूप में हुई है। उसका रक्तरंजित शव गांव से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद किया गया। परिजनों ने बताया कि दीपक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए नीट की तैयारी कर रहा था।
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नैयर ने इस मामले में पिपराइच थाने की जंगल धूसर पुलिस चौकी के प्रभारी और पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने और मनमानी के आरोप में की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूचना के मुताबिक पुलिस चौकी के सभी निलंबित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। नैयर ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि तस्करों द्वारा ट्रक से दीपक को धक्का दिए जाने और उसके सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हुई होगी।
पुलिस के अनुसार इस विवाद में ग्रामीणों की पिटाई से एक तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों के पथराव में पुलिस का एक अधिकारी भी घायल हो गया। मंगलवार तड़के युवक की मौत की खबर फैलते ही तनाव उत्पन्न हो गया।
नाराज ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच मार्ग जाम कर दिया। पुलिस पर पथराव किया और ट्रैफिक ठप कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद पांच घंटे बाद जाम हटाया जा सका। मौके पर पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।
गोरखपुर में 19 वर्षीय युवक की पशु तस्करों द्वारा हत्या पर SSP राज करण नैय्यर ने बताया, "प्रकाश में आए अभियुक्तों में से अजब हुसैन को ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया था। इसके अतिरिक्त एक अभियुक्त रहीम जिसकी पुलिस को तलाश थी उसकी एक ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ्तारी हुई है। जिसमें उसके द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी और जवाबी आत्मरक्षा पुलिस फायरिंग में उसको गोली लगी है। जिसके बाद पुलिस द्वारा उसको गिरफ्तार किया गया है। 2 अन्य अभियुक्त छोटू और राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ और अग्रीम विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
पुलिस के अनुसार, घटनाओं का सिलसिला सोमवार देर रात शुरू हुआ जब दो वाहनों से 10-12 तस्कर आए और कथित तौर पर दुर्गेश गुप्ता की फर्नीचर की दुकान तोड़ने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार इस दुकान की ऊपरी मंजिल पर एक ट्रैवल एजेंसी थी जहां उनका एक रिश्तेदार सो रहा था। पुलिस के अनुसार शटर तोड़ने की आवाज सुनकर, उसने दुर्गेश के बेटे दीपक को सूचित किया।
पुलिस के मुताबिक दीपक शोर मचाते हुए स्कूटर से मौके पर पहुंचा और लगभग 10-15 गांव वाले उसके पीछे दौड़े। पुलिस के अनुसार घबराकर तस्करों ने गोलियां चला दीं और भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार अफरा-तफरी में, उन्होंने दीपक को अपनी एक गाड़ी में घसीट लिया और भाग निकले।
पुलिस के अनुसार इस बीच, गांव वालों ने एक तस्कर को पकड़ लिया। फिर उसकी गाड़ी में आग लगा दी और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस के अनुसार जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसने घायल व्यक्ति को बचाने की कोशिश की, तो स्थानीय लोगों ने उसपर पथराव किया और झड़प भी हुई।
पुलिस के अनुसार इस झड़प में एसपी (उत्तर) जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थान प्रभारी (एसएचओ) गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में पुलिस ने लगभग चार किलोमीटर दूर दीपक का खून से लथपथ शव बरामद किया, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया।