Heavy Rain in Gujarat: गुजरात के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान आंधी, बिजली गिरने और बारिश से संबंधित विभिन्न घटनाओं में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 16 अन्य लोग अलग-अलग हादसों में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अगले 3 दिनों में गुजरात के 75 प्रतिशत से अधिक हिस्से में व्यापक बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब चार इंच तक बारिश होने की आशंका है। करीब 15 जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने आगामी कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, गुजरात के 253 तालुकों में से 168 में सोमवार को असमय बारिश हुई। खेड़ा, गांधीनगर, मेहसाणा और वडोदरा जिलों में 25 से 40 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।
SEOC के अनुसार, सोमवार को अहमदाबाद, आनंद, खेड़ा, दाहोद, अरावली और वडोदरा जिलों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हुई। जबकि रविवार को अहमदाबाद के विरमगाम क्षेत्र में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पीटीआई के मुताबिक, तेज हवाओं के चलते कई जिलों में पेड़, होर्डिंग और बिजली के खंभे गिर गए वहीं कुछ घर भी ढह गए। इन घटनाओं में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, खेड़ा जिले में चार, वडोदरा में तीन, अहमदाबाद, दाहोद और अरावली में दो-दो तथा आनंद जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। विभिन्न घटनाओं में चार लोगों की मौत पेड़ गिरने से जबकि दो की होर्डिंग गिरने से, दो लोगों की करंट लगने से, तीन की बिजली गिरने से और तीन अन्य की मौत मकान गिरने से हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि दाहोद जिले के लिमखेड़ा में तेज़ हवाओं के कारण आग फैलने से दर्जनों झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। IMD ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
अगले तीन दिनों में बनासकांठा, कच्छ, साबरकांठा, अरावली और आनंद जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की आशंका है। IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है।