Joshimath: उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत!

Badrinath Dham Crashes: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया था

अपडेटेड Oct 30, 2026 पर 5:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी

उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी खबर आ रही है। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। ये हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की मौत हो गई है। इसमें पांच यात्री और एक पायलट शामिल हैं। बताया जा रहा कि खराब मौसम के चलते बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क अचानक टूट गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और सुरक्षा टीमों ने मौके पर तलाश अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है।

6 लोगों को हुई मौत


उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं बच सकी।

यात्रियों की हुई पहचान

चमोली जिला प्रशासन के अनुसार, हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल समेत पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान अरुण सालुंके, एचएस नागराजा, प्रताप बचिहल्ली निंगराजन, सुधीर के और शंकरगौड़ा वीबी के रूप में हुई है। प्रशासन ने सभी छह लोगों की जानकारी शेयर की है।

कैसे हुआ हादसा?

हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी। हेलीकॉप्टर को खोजने के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर से टीम भेजी गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और उत्तराखंड पुलिस की टीमें उस जगह की ओर रवाना हो गई हैं, जहां हेलीकॉप्टर के गिरने की आशंका है। इससे पहले भी पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तलाशी अभियान में जुट गई थीं। प्रशासन के मुताबिक, खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो सकता है। हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटने के पीछे इलाके में खराब मौसम एक बड़ी वजह हो सकता है। अब बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का पता लगाने में जुटे हैं।

केदारनाथ में अचानक बदला मौसम

इसी बीच केदारनाथ धाम में भी मौसम ने करवट ली है। गुरुवार (29 अक्टूबर) से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण इस सीजन की पहली भारी बर्फबारी दर्ज की गई। इसके चलते आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं और पूरे इलाके में ठंड काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि, शुक्रवार को भी राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुमाऊं क्षेत्र में बारिश होने की संभावना अधिक है। उनके अनुसार, 31 अक्टूबर को पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 1 और 2 नवंबर को भी उत्तराखंड के उत्तरी पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।