Gurugram accident video: राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को जानलेवा टक्कर मारकर भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला स्पोर्ट्स बाइक राइडर को कथित तौर पर एक कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि महिला ने कार सवारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा था, जिसके बाद कार सवारों ने उसका पीछा किया और आगे निकलकर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना का पूरा वीडियो महिला की बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
न्यज 18 के मुताबिक, महिला राइडर की पहचान सिया के रूप में हुई है। वह इंस्टाग्राम पर 'rebelwheels_sia_' नाम से बाइकिंग कंटेंट शेयर करती हैं। घटना का वीडियो शेयर करते हुए महिला ने कहा कि गुरुग्राम की सड़कों पर उन्हें असुरक्षित महसूस हुआ।
उसने कहा, "मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। लेकिन आज गुरुग्राम की सड़कों पर मैं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थी। ऐसे लोग लोगों को टक्कर मारकर भागने से भी नहीं डरते।" टक्कर मारने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। बताया जा रहा है कि कार कई युवक सवार थे। हालांकि, अभी इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान का इंतजार है।
गुरुग्राम के फेमस गोल्फ कोर्स रोड पर सुबह सिया अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक पर अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ वीकेंड राइड पर निकली थीं। इसी दौरान एक हरियाणा नंबर की एक कार कथित तौर पर उनका पीछा करने लगी। कार में सवार युवक खिड़की से बाहर निकलकर चिल्ला रहे थे। वे सिया के बेहद करीब आकर हुड़दंग मचा रहे थे। सिया ने जब उन्हें दूरी बनाए रखने को कहा, तो कार सवार लोग और ज्यादा आक्रामक हो गए।
नशे में धुत लग रहे थे आरोपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिया और उनके साथियों के मुताबिक, कार सवार युवक पूरी तरह से नशे में धुत लग रहे थे। वे जबरदस्ती बाइक रोकने का इशारा करने लगे। कार सवारों के गलत इरादों को भांपते हुए सिया ने बाइक की रफ्तार बढ़ाई। आरोपी कार चालक ने गुस्से में सिया के आगे आकर अचानक एक बेहद खतरनाक कट मारा। इस दौरान सिया सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। इससे सड़क पर चिंगारियां उठने लगीं,
यह पूरी घटना सिया के हेलमेट और बाइक पर लगे एक्शन कैमरा (GoPro) में लाइव रिकॉर्ड हो गई। सिया ने इस खौफनाक वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसके बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग कह रहे है यह सिर्फ एक एक्सीडेंट नहीं, बल्कि सीधे-सीधे 'Attempt to Murder' है।
आरोपी कर रहे थे लेडी का पीछा
बताया गया है कि घटना रविवार को हुई, जब सिया अपनी स्पोर्ट्स बाइक पर बाइकिंग ग्रुप के अन्य सदस्यों के साथ गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। सिया के मुताबिक, एक कार में सवार लोग उनकी राइड शुरू होने के बाद से ही उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार बार-बार उनकी बाइक के बेहद करीब आ रही थी । उसमें सवार लोग आक्रामक व्यवहार कर रहे थे।
सिया ने कार सवारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा। उनके मुताबिक, इसके बाद कार में बैठे लोगों ने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा। सिया का यह भी दावा है कि कार में मौजूद कुछ लोग नशे में दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बाइक रोकने के बजाय आगे बढ़ना जारी रखा, ताकि कार उनकी बाइक को रास्ते में रोक न सके। पीछे चल रहे उनके एक दोस्त ने भी कार को दोबारा उनके पास आने से रोकने की कोशिश की।
आगे निकलकर बाइक को मारी टक्कर
सिया का आरोप है कि कार इसके बावजूद उनका पीछा करती रही। बाद में कार चालक ने कथित तौर पर उनकी बाइक के आगे आने की कोशिश की और अचानक उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया बाइक से गिर गईं। जबकि कार उनकी बाइक को कुछ मीटर तक घसीटते हुए आगे निकल गई। फिर मौके से सभी फरार हो गए।
यह पूरी घटना सिया की बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिया ने गुरुग्राम पुलिस से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जो सड़क पर दूसरे लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। फिर हादसे के बाद मौके से भाग जाते हैं। उन्होंने कथित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और RC में दर्ज वाहन मालिक का नाम भी सोशल मीडिया पोस्ट में साझा किया है।