Weather News: पहाड़ों पर जाने से पहले हो जाएं सावधान! कहीं हीटवेव तो कहीं आंधी-बारिश का साया

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि राज्य के 3-4 मौसम केंद्रों से 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज होने की रिपोर्ट मिली है। सबसे ज्यादा तापमान रुड़की में 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पहाड़ी इलाकों में तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है

अपडेटेड May 26, 2026 पर 6:10 PM
Story continues below Advertisement
पूरा देश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। एक तरफ जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है

पूरा देश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। एक तरफ जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर रात में भी बह रही गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय पारा 45 के पार पहुंच गया है। गर्मी से बचने के लिए लोग पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं पर वहां भी उन्हें सूरज की तपिश से राहत नहीं मिल रही है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी पारा 40 के पार पहुंच गया है। वहीं रुड़ाकी में 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में अगर आप इन जगहों की ओर घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो उससे पहले ये जरूरी जानकारी जान लें।

देहरादून में पारा 40 के पार

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि राज्य के 3-4 मौसम केंद्रों से 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज होने की रिपोर्ट मिली है। सबसे ज्यादा तापमान रुड़की में 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पहाड़ी इलाकों में तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों तक मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे उत्तराखंड के पांच उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।


इस दिन होगी बारिश

डॉ. तोमर के मुताबिक, 28 तारीख से पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से देहरादून और टिहरी समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। बाकी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि 29 और 30 तारीख को मौसम प्रणाली का असर और बढ़ सकता है, जिससे कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। वहीं 31 तारीख और 1 तारीख तक इसका असर थोड़ा कमजोर पड़ सकता है। हालांकि, उत्तरी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जबकि बाकी क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश के आसार

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 1 जून तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में आज 26 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके बाद 27-28 मई, 31 मई और 1 जून को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 26 मई, कल 27 मई और फिर 1 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26-27 मई, 31 मई और 1 जून को भारी बारिश होने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।