Credit Cards

Heatwave News: प्रचंड गर्मी के लिए हो जाइए तैयार! दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार के लिए IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

Heatwave News: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने को कहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में कम से कम 12 जून तक बहुत गर्म मौसम बना रहेगा। IMD ने कहा कि दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जबकि रात का तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा

अपडेटेड Jun 10, 2025 पर 12:42 PM
Story continues below Advertisement
Heatwave News: दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में लोग प्रचंड गर्मी से परेशान हैं

Delhi-NCR Heatwave News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में सोमवार (10 जून, 2025) को तापमान 48.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। देश की राजधानी में मंगलवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी देते हुए अगले दो दिनों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अलर्ट में लोगों को सतर्क रहने और चल रही हीटवेव से खुद को बचाने के लिए कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को तापमान इतना ज्यादा था कि शरीर को 48.9 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को वास्तविक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मौसम के औसत से 3.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसके चलते लोगों को कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में कम से कम 12 जून तक बहुत गर्म मौसम बना रहेगा। IMD ने कहा कि दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जबकि रात का तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लू जैसे हालात हैं। अगले दो दिनों में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान किया गया है। लेकिन इनसे बहुत राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने पुष्टि की है कि हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में 'लू' की स्थिति स्थिर हो गई है। वहीं, हिसार, सिरसा, रोहतक और आयानगर (दिल्ली) जैसे स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।


IMD के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली समेत पूरे क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन लू की स्थिति रही। दिल्ली में रातें गर्म रह रही हैं और सूर्यास्त के बाद भी तापमान अधिक दर्ज किया जा रहा है। इससे गर्मी से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं वाले लोगों में बीमारियों का खतरा ज्यादा है।

हालांकि, 12 जून से कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि आईएमडी ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि हालांकि भारी बारिश नहीं होगी, लेकिन यह भीषण गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दे सकती है।

अन्य राज्यों के हाल

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक यूपी, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में तापमान में गिरावट की संभावना कम ही है। इस दौरान इन राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। कुछ राज्यों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है जहां सीमावर्ती गंगानगर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

ये भी पढे़ं- Sonam Raghuvanshi News: सोनम रघुवंशी शादी के 4 दिन बाद ही लौट आई थी अपने माता-पिता के घर, प्रेमी राज के साथ मिलकर रची पति राजा की हत्या की साजिश

इन राज्यों में बारिश की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 15 जून के दौरान कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 13 से 15 जून के दौरान कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बरसात हो सकती है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में लू की आशंका है। लेकिन 13 से 15 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश,हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कुछ जिलों में छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।