भूटान (Bhutan) में शिंताफू झील के फटने की खबर के बाद से ही पश्चिम बंगाल (Bengal) और असम (Assam) में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है। झील से अचानक पानी निकलने की आशंका की वजह से अधिकारियों ने संकोश नदी के जलस्तर पर नजर रखनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि भूटान से पानी का बहाव तेज होने पर नदी के पास बसे इलाकों में बाढ़ आ सकती है।
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में कुमारग्राम और नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया है। वहीं असम के धुबरी जिले में भी प्रशासन अलर्ट पर है और लगातार हालात पर अपनी नजर बनाए हुए है।
बंगाल-असम में क्यों जारी हुआ अलर्ट?
भूटान में झील से पानी बाहर आने के बाद नीचे की ओर बहने वाली संकोश नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिसके चलते बंगाल और असम के नदी किनारे वाले इलाकों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। कभी भी पानी दोनों राज्यों की ओर बढ़ सकता है जिससे जान माल की हानि न हो इसके लिए प्रशासन निरंतर अपनी नजर बनाए हुए है।
ये बाढ़ GLOF की वजह से आ सकती है। इसमें ग्लेशियर से बनी झील का पानी अचानक बाहर निकल जाता है। इससे नीचे बहने वाली नदियों में पानी तेजी से बढ़ता है और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बन जाता है। इसी वजह से संकोश नदी के पास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
झील से पानी निकलने से भूटान में सड़क का एक हिस्सा टूट गया है। इससे लाया इलाके का संपर्क कट गया है। अधिकारी अभी नुकसान का पता लगा रहे हैं। वहीं बंगाल और असम में भी हालात पर लगातार स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।
फिलहाल बंगाल और असम में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन भूटान से आ रहे पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
लोगों से अपील है कि नदी किनारे जाने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।