मध्य प्रदेश के पिछोर कस्बे में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। भारतीय वायुसेना (IAF) के विमान से गिरी एक भारी धातु की वस्तु एक घर की छत पर आ गिरी, जिससे घर को भारी नुकसान हुआ। लेकिन गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

मध्य प्रदेश के पिछोर कस्बे में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। भारतीय वायुसेना (IAF) के विमान से गिरी एक भारी धातु की वस्तु एक घर की छत पर आ गिरी, जिससे घर को भारी नुकसान हुआ। लेकिन गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
क्या हुआ घटना के समय
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे यह घटना हुई जब शिक्षक मनोज सागर के घर की छत पर अचानक जोरदार धमाके के साथ एक अज्ञात भारी वस्तु गिरी। वह उस वक्त अपने बच्चों के साथ घर के अंदर खाना खा रहे थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में थीं। विस्फोट इतना तेज था कि घर की छत फट गई और आंगन में करीब 8 से 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस हादसे में घर के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा पास में खड़ी कार पर भी गिरा।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और पुष्टि की कि यह भारतीय वायुसेना के विमान से गिरी कोई भारी वस्तु थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिवपुरी जिले के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह भारी वस्तु शिक्षक मनोज सागर के घर पर गिरी, जिससे दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घर में उस समय चार लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना स्थल पर तैनात है।
जांच में जुटी टीमें
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की जांच वायुसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है। सब डिविजनल ऑफिसर प्रशांत शर्मा ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि यह वस्तु कहां से आई। उन्होंने बताया कि यह वस्तु "बहुत ठोस" थी और उस पर "जलने के निशान" भी दिखाई दे रहे थे।
एयरफोर्स ने दी ये जानकारी
उन्होंने यह भी बताया कि ग्वालियर एयरबेस (IAF) को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और वहां से विशेषज्ञों की टीम जांच के लिए जल्द पहुंचेगी। टीम के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह वस्तु क्या थी और कहां से गिरी। वहीं भारतीय वायुसेना ने शिवपुरी के निकट भारतीय वायुसेना के विमान से एक गैर-विस्फोटक एरियल स्टोर के अनजाने में गिर जाने से जमीन पर संपत्ति को हुए नुकसान पर खेद व्यक्त किया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।